विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 27, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

उत्तर प्रदेश जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव : गोरखपुर में भाजपा प्रत्याशी साधना सिंह का निर्विरोध अध्यक्ष बनना तय

By Pradeep SrivastavaEdited By:
Published: Sun, 27 Jun 2021 07:50 AM (IST)

Gorakhpur Zila Panchayat Chairman Chunav 2021 गोरखुपर में भाजपा प्रत्याशी साधना सिंह का निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष बनना तय है। ...और पढ़ें

नामांकन करने के बाद समर्थकों के साथ साधना सिंह। - जागरण
नामांकन करने के बाद समर्थकों के साथ साधना सिंह। - जागरण

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। UP Gorakhpur district panchayat president election 2021: भाजपा प्रत्याशी साधना सिंह का निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष बनना तय है। साधना दूसरी बार जिले की प्रथम नागरिक बनेंगी। शनिवार को साधना के अलावा चरगांवा तृतीय वार्ड नंबर 11 की जिला पंचायत सदस्य संगीता ने भी पर्चा दाखिल किया था लेकिन जांच के दौरान संगीता का पर्चा खारिज हो गया। समाजवादी पार्टी को अंतिम समय पर अपना प्रत्याशी बदलना पड़ा लेकिन वह पर्चा नहीं दाखिल कर सके। इसके बाद साधना सिंह का निर्विरोध निर्वाचित होना तय हो गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से 29 जून को नाम वापसी के दिन अपराह्न तीन बजे के बाद निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। शनिवार को निर्विरोध निर्वाचन तय होने के साथ ही समर्थकों ने साधना सिंह एवं फतेह बहादुर सिंह का माला पहनाकर स्वागत किया। मिठाई बांटकर उनके समर्थकों ने खुशी का इजहार किया।

दो प्रत्याशियों ने दाखिल किया था पर्चा, एक का हुआ खारिज

शनिवार सुबह 11 से दोपहर बाद तीन बजे तक नामांकन होना था। सपा ने 11 बजे ही नामांकन करने की तैयारी की थी लेकिन 12.30 बजे तक उनका प्रत्याशी कलेक्ट्रेट तक नहीं पहुंच सका था। दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी साधना सिंह प्रस्तावक एवं समर्थकों के साथ 11.30 बजे ही कलेक्ट्रेट पहुंच गईं। साधना सीधे जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय कक्ष में बने नामांकन स्थल पर पहुंचीं। शुक्रवार को पर्चा खरीदने वाले कुछ अन्य जिला पंचायत सदस्य भी उनके साथ ही कक्ष में दाखिल हुए।

साधना ने चार सेट में पर्चा खरीदा था। उन्होंने पहला सेट दोपहर 12.30 बजे दाखिल किया। उसके बाद वह नामांकन कक्ष में तीन बजे तक बैठी रहीं और समय-समय पर नामांकन करती रहीं। उन्होंने दोपहर बाद तीन बजे चौथा सेट भी दाखिल कर दिया। इसी दौरान अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित वार्ड नंबर 11 से जिला पंचायत सदस्य चुनी गईं संगीता ने भी नामांकन दाखिल किया। तीन बजे के बाद प्रत्याशी, उनके समर्थक एवं प्रस्तावकों की मौजूदगी में नामांकन पत्रों की जांच शुरू हुई। जांच के दौरान संगीता का नामांकन खारिज कर दिया गया। संगीता ने नामांकन पत्र के प्रारूप एक में हस्ताक्षर नहीं किए थे। उनका समर्थक भी जिला पंचायत सदस्य नहीं बल्कि कोई और था।

सपा को बदलना पड़ा प्रत्याशी

सपा की ओर से बड़हलगंज द्वितीय वार्ड नंबर 46 से सदस्य रहे आलोक कुमार गुप्ता को प्रत्याशी बनाया था। आलोक की ओर से दो सेट में पर्चा भी खरीदा गया था। पर, पिछले दो दिनों से सपा वार्ड नंबर 47 के सदस्य जितेंद्र यादव से भी पर्चा खरीदवाना चाहती थी लेकिन उन्हें पर्चा नहीं मिल सका। शनिवार को आनन-फानन में जितेंद्र यादव को ही प्रत्याशी के रूप में प्रस्तुत कर पर्चा दाखिल करने भेजा गया लेकिन भाजपा विधायक फतेह बहादुर सिंह ने यह कहते हुए नामांकन का विरोध किया कि दूसरे प्रत्याशी के नाम गया पर्चा दूसरा कोई नहीं दाखिल कर सकता।

इसी आपत्ति के कारण सपा प्रत्याशी एवं पार्टी पदाधिकारियों को काफी देर तक शास्त्री चौक पर रोका गया था। बाद में एडीएम सिटी आरके श्रीवास्तव एवं सिटी मजिस्ट्रेट अभिनव रंजन श्रीवास्तव सपा प्रत्याशी एवं तीन अन्य लोगों को लेकर कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार तक पहुंचे लेकिन भाजपा समर्थकों की ओर से उनके प्रवेश का विरोध किया गया। प्रवेश के दौरान सपा समर्थकों से हाथापायी भी हुई। काफी देर तक प्रत्याशी गेट के बाहर खड़े रहे लेकिन 2.30 बजे तक कोई फैसला न हो पाने पर वह शास्त्री चौक चले गए। वहां सपा समर्थकों ने धरना दिया।

विकास के लिए आए हैं विकास करेंगे : साधना सिंह

निर्विरोध निर्वाचन तय होने के बाद भाजपा प्रत्याशी साधना सिंह ने कहा कि वह विकास के लिए ही आगे आई हैं और विकास किया जाएगा। हर क्षेत्र का ख्याल रखा जाएगा और सबको साथ लेकर चलेंगे। नामांकन का पहला सेट दाखिल करते ही साधना सिंह ने कहा कि उनके सामने कोई चुनौती नहीं है। पिछले कार्यकाल में कुछ कार्य अधूरे रह गए थे, उसे पूरा किया जाएगा।

आठ लोगों ने खरीदा था पर्चा

जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा प्रत्याशी साधना सिंह, सपा प्रत्याशी आलोक कुमार गुप्ता, धर्मेंद्र यादव, अर्चिता सिंह, मनोज मिश्रा, संगीता, सावित्री व रामदयाल ने पर्चा खरीदा था। दो प्रत्याशियों ने निर्धारित समय के भीतर नामांकन किया था। इनमें से साधना सिंह ने चार जबकि संगीता ने एक सेट में पर्चा दाखिल किया। 29 को दोपहर बाद तीन बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। उसके बाद साधना सिंह को निर्विरोध निर्वाचन का प्रमाण पत्र प्रदान कर दिया जाएगा। नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। - के. विजयेंद्र पाण्डियन, जिलाधिकारी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।