इस रोग से हो गई पति-बेटे की मौत, अब महिला और बच्चे भी चपेट में
बेटे की मौत सूरत में हो गई। पति लौटकर आया तो घर पर उसकी भी मौत हो गई। अब उसकी पत्नी और तीन बच्चे भी चिकनपॉक्स से प्रभावित हैं।
गोरखपुर, जेएनएन। लहसड़ी के बरबसपुर गांव में पति और बेटे की मौत के बाद महिला और तीन बच्चे भी चिकनपॉक्स की चपेट में आ गए हैं। गांव के कई लोग चिकनपॉक्स से पीड़ित हैं। लापरवाही का आलम यह है कि गांव में गंदगी का अंबार लगा है लेकिन कोई सफाई करने वाला नहीं है।
खोराबार थाना क्षेत्र के बरबसपुर निवासी नंद कुमार (35 वर्ष) परिवार के साथ सूरत में काम करते थे। तकरीबन एक महीने पहले उनका बेटा कृष्णा (छह वर्ष) सूरत में ही चिकनपॉक्स की चपेट आ गया था। काफी इलाज के बाद भी कृष्णा को बचाया नहीं जा सका। इसके बाद नंद कुमार भी चिकनपॉक्स की चपेट में आ गए। परिवार के साथ नंद कुमार एक हफ्ते पहले गांव आ गए और इलाज कराने लगा। बीते रविवार को नंद कुमार की गांव में ही मौत हो गई। उसकी पत्नी देवंता (30), बेटी खुशी (नौ), मधु (सात ) और नंदिनी (तीन) भी चिकनपॉक्स से पीड़ित हैं। इसके अलावा गांव के आदित्य (13 ), आकाश (सात), अंशू (सात) और सलोनी (छह) आदि को भी चिकनपॉक्स हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में लोगों को दवाएं बांटीं। खोराबार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि टीम ने पीड़ितों का उपचार किया और बचाव के बारे में जानकारी दी।
चिकनपॉक्स के लक्षण
- शरीर में पानी युक्त लाल दानों का उभरना।
- तेज बुखार, सिरदर्द और सूखी खांसी आना।
- दिल की धड़कन बढ़ना और सांस लेने में दिक्कत होना।
- समय से इलाज न होने पर दिमाग और लिवर पर भी पड़ता है असर।
ऐसे बचें
हवा और खासी के माध्यम से चिकनपॉक्स का वायरस एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में जाता है इसलिए बच्चों को मरीज से दूर रखें। रोगी के आसपास सफाई रखें। उसे खूब पानी पिलाएं।