गोरखपुर में कैसे बनेगा वेटरिनरी कॉलेज, अभी तक भूमि ही नहीं मिली Gorakhpur News
वेटरिनरी कॉलेज के लिए चरगावां में 30.66 एकड़ भूमि विभाग को आवंटित है।मथुरा के डीन एसके गर्ग ने चरगावां में जायजा लिया था। उन्होंने बताया था कि चरागाह आदि के लिए भूमि नहीं हैैै।
गोरखपुर, जेएनएन। वेटरिनरी कॉलेज के लिए एक माह से जारी 15 एकड़ भूमि की तलाश अब तक पूरी नहीं हो सकी है। राजस्व विभाग ने तीन स्थानों पर भूमि दिखाई, लेकिन बात नहीं बनी। विभाग अभी गहिरा में भी भूमि देखने जाएगा। पशु चिकित्सा विभाग की आस फिलहाल पूरी होती नहीं दिख रही है। वहीं चरगावां में आवंटित भूमि में भी मुख्य मार्ग पर गेट को लेकर अड़चन है।
चरगावां में 30.66 एकड़ भूमि उपयुक्त नहीं
वेटरिनरी कॉलेज के लिए चरगावां में 30.66 एकड़ भूमि विभाग को आवंटित है। बीते 21 नवंबर को उत्तर प्रदेश पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान यूनिवर्सिटी, मथुरा के डीन एसके गर्ग ने चरगावां की इस भूमि का जायजा लिया था। उन्होंने बताया था कि चारागाह, कृषि आदि के लिए भूमि नहीं है।
चाहिए 15 एकड़ की अतिरिक्त भूमि
इसके लिए करीब 15 एकड़ अतिरिक्त भूमि की जरूरत पड़ेगी। इसके बाद राजस्व विभाग ने पशु चिकित्सा विभाग को नौसढ़, खुटहन व दौलतपुर में भूमि दिखाई, पर बात नहीं बनी। कारण, कहीं जलभराव की समस्या तो कहीं विवादित भूमि की समस्या थी। विभाग भूमि की तलाश में जुटा है। अब गहिरा में भूमि की तलाश की जाएगी। वहीं चरगावां में आवंटित भूमि पर कॉलेज बनता है, तो मुख्य सड़क से रास्ते के लिए भूमि की समस्या है। रास्ते के लिए 60 फीट जगह चाहिए। अभी समस्या हल नहीं हुई और विभाग दावा कर रहा है कि इसके लिए भूमि मिल जाएगी।
भूमि अभी निर्धारित नहीं
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि अभी भूमि फाइनल नहीं हो सकी है। चरगावां में भी मुख्य मार्ग पर 60 फीट भी जगह मिल जाएगी तो काम चल जाएगा। इस पर जिलाधिकारी से बात हो चुकी है। भूमि मिल भी जाएगी। तीन स्थानों पर भूमि देखी जा चुकी है। गहिरा में देखा जाना बाकी है।