यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 02, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Gorakhpur: प्रधानाध्यापक को शिक्षिकाओं ने चप्पलों से पीटा, वीडियो बनाने पर मोबाइल फोन छीनकर फेंकने का आरोप
मामला सरदारनगर ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मणपुर का है। उपस्थिति बनाने को लेकर प्रधानाध्यापक द्वारा पंजिका मांगने पर विवाद हुआ। ...और पढ़ें

चौरी चौरा/मुंडेरा बाजार (गोरखपुर), जागरण संवाददाता। सरदारनगर ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मणपुर में शिक्षिकाओं द्वारा प्रधानाध्यापक को चप्पलों से पीटने का मामला सामने आया। उपस्थिति बनाने को लेकर प्रधानाध्यापक द्वारा उपस्थिति पंजिका मांगने पर विवाद हुआ। जहां संस्कार का पाठ पढ़ाया जाता है, वहां हुई घटना से बच्चे हतप्रभ रह गए। विवाद की सूचना मिलने पर एसडीएम चौरी चौरा प्रशांत वर्मा ने नायब तहसीलदार संजय कुमार सिंह को मौके पर भेजा। स्थानीय पुलिस ने भी विद्यालय पहुंचकर जानकारी ली।
यह है मामला
प्रधानाध्यापक सुभाष शर्मा ने नायब तहसीलदार को बताया कि सुबह आठ बजे आया तो मेज पर उपस्थिति पंजिका नहीं थी। मैंने सहायक अध्यापिका वंदना मौर्या से पंजिका मांगी। प्रधानाध्यापक ने आरोप लगाया कि सहायक अध्यापिका ने दुर्व्यवहार करते हुए मुझे चप्पलों से पीट दिया। जब मैंने वीडियो बनाने का प्रयास किया तो सहायक अध्यापिका पूनम मौर्या ने मोबाइल फोन छीनकर बाहर फेंक दिया। मेरे कमरे को भी बंद कर दिया। प्रधानाध्यापक ने कहा कि इसकी सूचना पुलिस को 112 नंबर पर दी।
इसे भी पढ़ें, Gorakhpur News: डॉक्टर के बिना नर्स ने कराया प्रसव, नवजात व प्रसूता ने तोड़ा दम; घरवालों ने किया हंगामा
प्रधानाध्यापक पर शिक्षिका ने लगाया ये आरोप
दूसरी ओर, शिक्षिका वंदना मौर्या ने चप्पल से मारने के आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि प्रधानाध्यापक हमेशा हमें उल्टा-सीधा बोलते रहते हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुमित निषाद ने कहा कि पिछले दो वर्ष से यहां शिक्षकों में विवाद चल रहा है। इसकी शिकायत अभिभावक भी करते रहते हैं। आज के विवाद की सूचना एसडीएम को दी गई है। विद्यालय में प्रधानाध्यापक सुभाष शर्मा, सहायक अध्यापिका वंदना मौर्या व पूनम मौर्या के अलावा ईशांक सिंह, शिक्षामित्र मीरा देवी व अमृता सिंह की तैनाती है। जिन पर 226 बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी है।
इसे बी पढ़ें, Gorakhpur News: बहू के साथ ससुरालियों ने की हैवानियत, पिटाई से हुआ गर्भपात; केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
प्रभारी निरीक्षक चौरी चौरा सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि विवाद की सूचना यूपी-112 नंबर पर दी गई थी। किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। फूट-फूटकर रोने लगे प्रधानाध्यापक: महिला शिक्षकों से पिटाई के बाद प्रधानाचार्य सुभाष फूट-फूटकर रोने लगे। उनका कहना है कि सभी आरोप गलत हैं। वह पठन-पाठन संबंधित मीटिंग कर रहे थे, जिसमें कुछ शिक्षिकाओं के काम न करने पर उनसे पूछताछ की गई तो आरोप लगाते हुए मारपीट करने लगी।
क्या कहते हैं अधिकारी
बीएसए रमेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षकों के बीच आपसी विवाद था, जिसे प्रधानाध्यापक व अन्य शिक्षकों ने आपस में सुलझा लिया है। उन्होंने लिखित आश्वासन भी दिया है कि अब वह सिर्फ पठन-पाठन करेंगे। फिर भी घटना की पुनरावृत्ति होती है तो अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
चौरीचौरा नायब तहसीलदार संजय कुमार सिंह ने कहा कि एसडीएम चौरी चौरा प्रशांत वर्मा के आदेश पर जांच की है। प्रधानाध्यापक सुभाष शर्मा व सहायक अध्यापिका वंदना मौर्या व पूनम मौर्या का लिखित बयान लिया गया है। इसकी रिपोर्ट एसडीएम की दी जाएगी।
खंड शिक्षा अधिकारी सरदारनगर ब्लाक भारत भूषण ने बताया कि प्रधानाध्यापक सुभाष शर्मा व सहायक अध्यापिका वंदना मौर्या के बीच विवाद की सूचना मिली थी। बीआरसी से शिक्षकों को भेजा गया था। विवाद को सुलझा लिया गया है।
