देवरिया में घाघरा नदी पुल के नीचे मिला हैंड ग्रेनेड, सनसनी
जनपद देवरिया के घाघरा नदी स्थित पुल के नीचे हैंडग्रेनेड मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पुलिस पहुंच कर जांच पड़ताल कर रही है
गोरखपुर: जनपद देवरिया जनपद के मईल थाना क्षेत्र के भागलपुर पक्का पुल के नीचे गुरुवार को दोपहर हैंड ग्रेनेड मिलने से सनसनी फैल गई है। लोगों की सूचना पर पहुंची मईल पुलिस स्थान को चारों तरफ से अपने कब्जे में ले ली है। साथ ही बम निरोधक दस्ता को सूचना दी है। उधर पुलिस के आला अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं।
उधर हैंड ग्रेनेड मिलने की सूचना खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण पहुंच गए। देवरिया-बलिया जनपद को जोड़ने वाले भागलपुर पुल के नीचे दोपहर में कुछ लोग गाय चरा रहे थे। इसी बीच उनकी नजर नदी तट पर रेत में पड़े एक हैंड ग्रेनेड पर पड़ी। यह देख उन्होंने तत्काल मईल पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद थानाध्यक्ष मिथिलेश राय मौके पर पहुंच गए। साथ ही चारों तरफ से क्षेत्र को पुलिस ने घेर लिया।
हैंड ग्रेनेड से पिन नहीं निकला है। देखने से लग रहा है कि वह पुराना है। आखिर वह हैंड ग्रेनेड पुल के नीचे कैसे आया? कहीं किसी की साजिश तो नहीं? इसकी जाच करने में पुलिस जुट गई है। उधर हैंड ग्रेनेड की सूचना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग भी पहुंच गए। इस बाबत थानाध्यक्ष मिथिलेश राय ने कहा कि हैंड ग्रेनेड पुराना लग रहा है। बम निरोधक दस्ता के साथ ही आला अधिकारियों को भी इसकी सूचना दे दी गई है। बम निरोधक दस्ता के पहुंचने के बाद बम को कब्जे में ले लिया जाएगा। यह बम यहा कैसे आया, इसकी जाच की जा रही है।