LokSabha Elections 2019 : गोरखपुर-बस्ती मंडल में दिग्गजों ने किया नामांकन
गोरखपुर-बस्ती मंडल में लोकसभा नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन गोरखपुर संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी रवि किशन और बांसगांव से भाजपा प्रत्याशी कमलेश पासवान ने नामांकन किया।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर-बस्ती मंडल में लोकसभा चुनाव के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन मंगलवार को गोरखपुर संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी रवि किशन और बांसगांव से भाजपा प्रत्याशी कमलेश पासवान ने नामांकन किया। कुशीनगर में सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी एनपी कुशवाहा और देवरिया में गठबंधन प्रत्याशी बिनोद जायसवाल ने नामांकन किया। महराजगंज में सिर्फ एक निर्दल ने पर्चा भरा।
उधर बस्ती मंडल में मंगलवार को नामांकन का आखिरी दिन रहा। डुमरियागंज में भाजपा के जगदंबिका पाल और कांग्रेस के डा. चंद्रेश उपाध्याय ने नामांकन किया। बस्ती में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के बालगोङ्क्षवद यादव और संतकबीर नगर में पीस पार्टी के कैलाश नाथ बेल्दार ने पर्चा भरा।
मजबूर नहीं मजबूत हाथों को सौंपें देश: शिव प्रताप
भाजपा प्रत्याशी सांसद जगदंबिका पाल के नामांकन में शामिल होने सिद्धार्थनगर आए केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री शिवप्रताप शुक्ल ने कहा कि मोदी को लाना है तो हर चौकीदार को जिताना होगा। मोदी को जिताकर देश को मजबूत हाथों में सौंपें, किसी मजबूर हाथ में नहीं। प्रधानमंत्री ने विकास की रफ्तार बढ़ायी है,यह रुकने न पाए इसकी जिम्मेदारी हम सभी की है। केंद्रीय मंत्री शुक्ल ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में विश्व में देश का मान बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारी परेशान हैं। देश विकास के पथ पर अग्रसर है। भाजपा सरकार में ही हर वर्ग खुशहाल रह सकता है। प्रदेश की कैबिनेट मंत्री अनुपमा जायसवाल ने कहा कि मोदी है तो मुमकिन है। जो काम कोई नहीं कर सका, उसे मोदी ने पांच साल में करके दिखा दिया। देश तेजी से तरक्की कर रहा है। सांसद व भाजपा प्रत्याशी जगदंबिका पाल ने कहा कि जिले का विकास उनका सपना है। काफी हद तक उसे पूरा करने का कार्य किया है।