विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में तीन मंजिला लेबर अड्डा बनाने की तैयारी, मुख्यालय भेजा गया एस्टीमेट, अगले माह शिलान्यास

Published: Mon, 31 Aug 2026 04:11 PM (GMT+05:30)

गोरखपुर में सूरजकुंड और धर्मपुर चौक पर तीन मंजिला श्रमिक सुविधा केंद्र बनाए जाएंगे, जिनके एस्टीमेट मुख्यालय भेजे गए हैं। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. गोरखपुर में दो स्थानों पर बनेंगे तीन मंजिला श्रमिक सुविधा केंद्र।

  2. श्रमिकों को बैठने, पेयजल, शौचालय और सस्ती कैंटीन की सुविधा मिलेगी।

  3. कौशल प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं के लाभ हेतु काउंटर भी होंगे।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शहर में बनने वाला श्रमिक सुविधा केंद्र (लेबर अड्डा) तीन मंजिला होगा। नगर निगम ने सूरजकुंड चौक और धर्मपुर लेबर चौक के लिए एस्टीमेट तैयार कर श्रम विभाग को सौंप दिया है, जिसे मुख्यालय भेज दिया गया है।

सूरजकुंड लेबर चौक के निर्माण के लिए 1.04 करोड़ रुपये और धर्मपुर लेबर चौक के लिए 1.20 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया है। मुख्यालय से स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

गोरखपुर में दो स्थानों पर बनने वाले इन श्रमिक सुविधा केंद्रों में काम की तलाश में आने वाले श्रमिकों के लिए बैठने, स्वच्छ पेयजल और शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

केंद्र की ऊपरी मंजिल पर कैंटीन प्रस्तावित है, जहां श्रमिकों को कम दर पर भोजन उपलब्ध कराने की तैयारी है। भोजन की थाली पांच से दस रुपये में उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। हालांकि कैंटीन के संचालन और भोजन की दर पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

एक परिसर में मिलेंगी कई सुविधाएं

श्रमिक सुविधा केंद्र तीन मंजिला तक बनाए जाने की योजना है। यहां श्रमिकों को उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं से जोड़ने के लिए काउंटर बनाया जाएगा।

साथ ही कौशल प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराने की तैयारी है। इससे श्रमिकों को काम की तलाश के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और प्रशिक्षण प्राप्त करने की सुविधा एक ही परिसर में मिल सकेगी। श्रम विभाग की ओर से केंद्र की डिजाइन भी मुख्यालय भेजी गई है।

उप श्रम आयुक्त शक्तिसेन मौर्या ने बताया कि नगर निगम से लेबर अड्डा का डिजाइन और एस्टीमेट मिलने के बाद मुख्यालय भेज दिया गया है। कैंटीन के संचालन और भोजन की दर के संबंध में जल्द स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

यह भी पढ़ें- UP में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना आज से लागू; ‘अम्मा, अब टिकट नहीं लगेगा, उम्र 60 पार हैं तो सफर जिंदगी भर मुफ्त’

यह भी पढ़ें- जन्माष्टमी पर मथुरा को बड़ी सौगात देंगे CM योगी, 446 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास