गोरखपुर में फाइनेंस कंपनी कार्यालय में युवती की संदिग्ध मौत, परिवार वालों ने लगाया हत्या का आरोप
गोरखपुर के शाहपुर स्थित एक फाइनेंस कंपनी कार्यालय में 20 वर्षीय युवती निंकी का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ...और पढ़ें
-1794126372732_m.webp)
HighLights
गोरखपुर फाइनेंस कंपनी कार्यालय में युवती निंकी का शव मिला।
परिजनों ने सूरज यादव पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शाहपुर के तिनकोनिया नंबर एक स्थित ईस्टर्नपुर कालोनी में शनिवार रात फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में 20 वर्षीय युवती निंकी का शव फंदे से लटका मिला। बेटी का शव देखकर मां बदहवास हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर बीआरडी मेडिकल कालेज के मॉर्च्युरी भेज दिया।
रविवार सुबह युवती के स्वजन और ग्रामीण कार्यालय के बाहर जुट गए। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा और प्रदर्शन किया। परिजनों ने सूरज यादव पर हत्या का आरोप लगाया है।
निंकी शाहपुर के ईस्टर्नपुर भरटोलिया की रहने वाली थी। उसके पिता राजमन वेल्डिंग का काम करते हैं, जबकि मां विमला परिषदीय विद्यालय में रसोइया हैं। चार बहनों में निंकी सबसे छोटी थी। उसका एक भाई भी है, जो गाड़ी की सर्विस का काम करता है। परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात निंकी घर नहीं पहुंची तो मां विमला उसकी तलाश में निकलीं।
रात करीब 9:42 बजे वह ईस्टर्नपुर स्थित फाइनेंस कंपनी के कार्यालय पहुंचीं। वहां बाहर बेटी की चप्पल और स्कूटी रखी थी। कार्यालय का शटर खुला हुआ था। मां ने शटर उठाकर अंदर देखा तो निंकी का शव फंदे से लटक रहा था। यह दृश्य देखकर वह चीख पड़ीं। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
परिजनों के अनुसार, कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद थे। ऐसे में घटना के समय कार्यालय में कौन मौजूद था और युवती किन परिस्थितियों में वहां पहुंची, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं। रविवार सुबह घटना की जानकारी फैलने पर युवती के परिजन और मोहल्ले के लोग कार्यालय के बाहर जुट गए। मां विमला, पिता राजमन और बहनों ने सूरज यादव पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
मां बेटी को याद कर रोती-बिलखती रही। ग्रामीणों ने भी घटना की निष्पक्ष जांच और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस परिजनों को समझाने और मामले की जानकारी जुटाने में लगी रही। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि युवती की मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।