गोरखपुर में SSB जवान को गर्म तेल और मिर्च पाउडर डालकर जलाया, पत्नी समेत 5 लोगों पर मुकदमा दर्ज
गोरखपुर के पीपीगंज में एक एसएसबी जवान पर उसकी पत्नी ने गर्म तेल और मिर्च पाउडर डालकर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
एसएसबी जवान पर पत्नी ने गर्म तेल डाला।
मिर्च पाउडर और सील-लोढ़े से भी हमला किया।
पत्नी समेत पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज।
संवाद सूत्र, गोरखपुर। पीपीगंज क्षेत्र के रामूघाट गांव निवासी एसएसबी के जवान धर्मेंद्र कुमार मौर्य पर उनकी पत्नी ने गर्म तेल और मिर्च पाउडर डालकर जला दिया। सील-लोढ़े से मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पीपीगंज पुलिस ने पत्नी सीमा समेत पांच लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
धर्मेंद्र कुमार मौर्य के अनुसार, उनकी शादी वर्ष 2013 में सिकुआन कोडरी गांव के टोला बारात गाड़ा निवासी राजेंद्र की पुत्री सीमा से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। शादी के बाद से ही सीमा का उनसे और उनकी मां से आए दिन विवाद होता रहता था। धर्मेंद्र एसएसबी में सिपाही के पद पर तैनात हैं।
पीड़ित ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 18 अक्टूबर की रात 11 बजे वह, उनकी मां और पत्नी भोजन करने के बाद सोने चले गए थे। सभी के सो जाने के बाद पत्नी ने उनके ऊपर गर्म तेल और मिर्च पाउडर डाल दिया। इससे वह झुलस गए। इसके बाद पत्नी ने सील-लोढ़े से उन पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
धर्मेंद्र का आरोप है कि घटना के अगले दिन उनकी पत्नी ने मायके पक्ष के लोगों को बुला लिया। इसके बाद विवाद हुआ और उनके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद पत्नी मायके चली गई।
पीड़ित ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर उनकी पत्नी सीमा, ससुर राजेंद्र तथा सुनील, अनिल और मंटू के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। साक्ष्य के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
