Gorakhpur Weather Update: 28.1 डिग्री के साथ गर्मी की आहट, माह के अंत तक 31 डिग्री तक जा सकता है पारा
28.1 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ रविवार को यह इस वर्ष का सबसे गर्म दिन रहा। हालांकि मौसम विशेषज्ञों ने पूर्वानुमान जताया है कि अभी अधिकतम तापमान में और वृद्धि होगी। इस माह के अंत तक पारा 31 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। रविवार को तारीख, वर्ष, गर्मी सब कुछ इक्कीस रही है। 28.1 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ रविवार को यह इस वर्ष का सबसे गर्म दिन रहा। गर्मी का यह तेवर सोमवार को भी बरकरार रहा। हालांकि मौसम विशेषज्ञों ने पूर्वानुमान जताया है कि अभी अधिकतम तापमान में और वृद्धि होगी। इस माह के अंत तक पारा 31 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
रविवार को लोगों सुबह 10 बजे से ही गर्मी महसूस करना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने घरों में पंखे भी चलाए। हालांकि शाम होते-होते फिर से पारा 17 व 18 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पाण्डेय ने कहा वर्ष 2021 में 16 फरवरी को अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा है। बीते जनवरी माह में 6 जनवरी सबसे अधिक गर्म रहा है। उस दिन अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा है। उससे पूर्व वर्ष 2018 में फरवरी का सबसे अधिक तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा है।
फरवरी 1974 में रहा है सर्वाधिक 35 डिग्री तापमान
वर्ष 1974 में फरवरी माह सबसे अधिक गर्म रहा है। सर्वाधिक तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। आसमान साफ रहेगा। मौसम विशेषज्ञ ने पूर्वानुमान जताया कि आने वाले दिनों में अधिकतम व न्यूनतम दोनों तापमान में वृद्धि के आसार हैं। तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। वसंत पंचमी के बाद सूरज धीरे-धीरे कर ठंड को विदाई दे रहा है। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता अधिकतम 72 व न्यूनतम 48 फीसद रही।