विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर: आग बुझाने के बाद गोदाम से मिला मजदूर का कंकाल, परिजनों की भीड़ हटाने के लिए पुलिस ने किया लाठीचार्ज

Published: Tue, 29 Sep 2026 07:54 PM (IST)

गोरखपुर के मोहनलालपुर स्थित एक जले तारपीन गोदाम में लापता मजदूर का कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों और ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. गोरखपुर के मोहनलालपुर में जले गोदाम से मिला मानव कंकाल।

  2. लापता मजदूर भोला के परिजनों ने किया हंगामा, पुलिस बल प्रयोग।

  3. दुकान मालिक फरार, कंकाल की पहचान के लिए डीएनए जांच होगी।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। तिवारीपुर क्षेत्र के मोहनलालपुर में सोमवार को जले तारपीन के गोदाम में मंगलवार शाम लापता मजदूर का कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया। गोदाम में काम करने वाला महराजगंज के सिंदुरिया निवासी 36 वर्षीय भोला सोमवार से लापता था। स्वजन उसकी तलाश में थाने पहुंचे और पुलिस के साथ गोदाम में गए।

मलबे में मिला कंकाल भोला का है या किसी और का, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। कंकाल मिलने के बाद स्वजन और मोहल्ले के लोग भड़क गए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। घटना के बाद से ही दुकान मालिक फरार है।

मोहनलालपुर स्थित श्रीकृष्ण बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर भोला काम करता था। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे दुकान के पीछे बने गोदाम में आग लग गई थी। गोदाम में तारपीन का तेल, पाइप, टिन, पीओपी, प्लास्टर, हार्डवेयर, तारकोल और पेंट समेत ज्वलनशील सामान रखा था। आग तेजी से फैलने पर आसपास के करीब 20 घरों को खाली कराया गया था।

गोदाम पहुंची पुलिस टीम

एहतियात के तौर पर बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई थी। चार दमकल गाड़ियों की मदद से करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया गया।आग बुझने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम लौट गई, लेकिन गोदाम के अंदर किसी व्यक्ति के फंसे होने की आशंका को लेकर पूरी तलाशी नहीं हो सकी। भोला का मोबाइल फोन बंद होने पर मंगलवार को परिवार के लोग तिवारीपुर थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि भोला का सोमवार से पता नहीं चल रहा है। सके बाद पुलिस टीम गोदाम पर पहुंची।

शाम करीब साढ़े पांच बजे जले मलबे के अंदर मानव कंकाल मिला। कंकाल मिलने की सूचना पर आसपास के लोग भी जुट गए। परिवार और मोहल्ले के लोगों ने सवाल उठाया कि सोमवार को आग बुझाने के बाद गोदाम की पूरी तलाशी क्यों नहीं की गई। इसी बात को लेकर मौके पर हंगामा शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठी फटकारी।

पुलिस अब कंकाल की पहचान कराने के साथ यह भी जांच कर रही है कि भोला आग लगने के समय गोदाम के अंदर था या नहीं। उसकी पहचान की पुष्टि के लिए पुलिस पोस्टमार्टम और अन्य जरूरी जांच की कार्रवाई कर रही है। दुकान मालिक की भी तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें- कानपुर-गोरखपुर समेत यूपी के इन चिड़ियाघरों में होगी मुफ्त एट्री, बच्चों को फ्री में सैर कराएगी योगी सरकार

आग लगने के कारणों की जांच अग्निशमन विभाग की टीम कर रही है। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि गोदाम में जला हुआ कंकाल मिला है। महराजगंज के सिंदुरिया से आया परिवार का दावा है कि यह दुकान में काम करने वा ले भोला का है। डीएनए जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।