गोरखपुर में मतदाता सूची में नाम जोड़ने का सुनहरा मौका, 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान
गोरखपुर में 17 और 24 अक्टूबर को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए विशेष अभियान चलेगा। ...और पढ़ें

डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारी पर दिए निर्देश। जागरण
HighLights
17 और 24 अक्टूबर को विशेष मतदाता अभियान।
सभी बूथों पर बीएलओ करेंगे आवेदन स्वीकार।
नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन के लिए आवेदन करें।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित रह गए लोगों और सूची से नाम कटने की समस्या का सामना कर रहे मतदाताओं को एक और मौका मिलेगा। इसके लिए 17 और 24 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। दोनों दिन बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहकर मतदाताओं के आवेदन प्राप्त करेंगे और जरूरी सहायता उपलब्ध कराएंगे।
डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बीएलओ से प्राप्ति रसीद दिलाना अनिवार्य होगा। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की ओर से जमा कराए गए आवेदनों पर भी रसीद देनी होगी। इससे आवेदन जमा होने का प्रमाण रहेगा और उसके निस्तारण की स्थिति का पता लगाने में सुविधा होगी।
नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए अलग-अलग प्रपत्र
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रपत्र-6, किसी मतदाता का नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 और मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन कराने के लिए प्रपत्र-8 भरना होगा। डीएम ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने विधानसभा क्षेत्रों में विशेष अभियान की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। मतदान केंद्रों पर आने वाले लोगों को प्रपत्र भरने में सहायता देने के साथ आवेदनों की समय से प्रविष्टि भी सुनिश्चित की जाए।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर को मिला हाईटेक साइबर थाना: 4.88 करोड़ की लागत से बना नया भवन, अब डिजिटल ठगों की खैर नहीं
लंबित आवेदनों की होगी नियमित समीक्षा
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान सामने आए बिंदुओं की समीक्षा की गई। महिला और पुरुष मतदाताओं के अनुपात, अलग-अलग आयु वर्गों में मतदाताओं की संख्या तथा निर्वाचन संबंधी शिकायतों के निस्तारण पर चर्चा हुई। अधिकारियों को प्रपत्र-6, 7 और 8 की प्रतिदिन प्राप्ति और निस्तारण की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। 15 दिन और 45 दिन से अधिक समय से लंबित आवेदनों का अलग-अलग विवरण तैयार कर उनके निस्तारण की कार्ययोजना बनाई जाएगी।
बैठक में एडीएम प्रशासन डा. वैभव शर्मा, संयुक्त मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शंकर मिश्र और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर को मिला हाईटेक साइबर थाना: 4.88 करोड़ की लागत से बना नया भवन, अब डिजिटल ठगों की खैर नहीं
