गोरखपुर यूनिवर्सिटी में 'बादाम पे चर्चा' में विद्यार्थियों ने दिए 40 आइडिया, नवाचार और उद्यमिता पर हुआ मंथन
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में 'बादाम पे चर्चा' कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें 150 छात्रों ने पंजीकरण कराया और 40 से अधिक नए विचार प्रस्तुत किए।

गोवि में ‘बादाम पे चर्चा’ में विद्यार्थियों ने दिए 40 आइडिया।
HighLights
गोरखपुर विश्वविद्यालय में 'बादाम पे चर्चा' कार्यक्रम आयोजित।
छात्रों ने 40 से अधिक नए विचार प्रस्तुत किए।
नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने का उद्देश्य।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में सोमवार को आयोजित ‘बादाम पे चर्चा’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक सोच का परिचय दिया। विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर आयोजित इस अनौपचारिक संवाद में 150 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, जबकि 40 से अधिक नए आइडिया सामने आए।
विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट इनोवेशन सेल (आईआईसी) की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपने विचार साझा करने और नवाचार एवं उद्यमिता की संभावनाओं को तलाशने का मंच देना था।
इसमें विद्यार्थियों ने अपनी रुचियों, अनुभवों और नए प्रयोगों से जुड़े विचार साझा किए। एक-दूसरे के विचारों को सुनने और उन पर चर्चा करने से विद्यार्थियों को अपने आइडिया को आगे विकसित करने का अवसर मिला।
कुलपति प्रो.केपी सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का समन्वय आइआइसी की अध्यक्ष अलका सिंह, संयोजक फरोजान और स्टूडेंट कन्वीनर प्रांजल ने किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को लीक से हटकर सोचने, नए प्रयोग करने और अपने विचारों को व्यावहारिक रूप देने के लिए प्रोत्साहित किया गया। विश्वविद्यालय में नवाचार और उद्यमिता की संस्कृति विकसित करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
