गोरखपुर यूनिवर्सिटी में अब असिस्टेंट प्रोफेसर भी करा सकेंगे पार्ट टाइम PhD, नियमों में होगा बदलाव
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने पार्ट टाइम पीएचडी के नियमों में बदलाव किया है। अब असिस्टेंट प्रोफेसर भी पार्ट टाइम शोधार्थियों का मार्गदर्शन कर सकेंगे।

गोवि पार्ट टाइम पीएचडी के शोध निर्देशन से जुड़े नियमों में करेगा बदलाव। फाइल फोटो
HighLights
असिस्टेंट प्रोफेसर अब पार्ट टाइम पीएचडी शोध का निर्देशन करेंगे।
विश्वविद्यालय ने शोध निर्देशन से जुड़े नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किए।
इससे शोधार्थियों को अधिक विकल्प मिलेंगे और शोध के अवसर बढ़ेंगे।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में अब असिस्टेंट प्रोफेसर भी पार्ट टाइम पीएचडी करा सकेंगे। विश्वविद्यालय पार्ट टाइम पीएचडी के शोध निर्देशन से जुड़े नियमों में बदलाव करने जा रहा है।
अभी तक यह अधिकार केवल प्रोफेसर व एसोसिएट को ही प्राप्त है। नए प्रविधान के बाद असिस्टेंट प्रोफेसर भी पार्ट टाइम शोधार्थियों के गाइड बन सकेंगे। इससे उन विभागों में भी पार्ट टाइम पीएचडी का रास्ता खुलेगा, जहां एसोसिएट प्रोफेसर या प्रोफेसर के पद पर कोई शिक्षक कार्यरत नहीं है।
बीते दिनों विश्वविद्यालय के कुछ विभागों में पार्ट टाइम पीएचडी के अवसर न मिल पाने का मुद्दा उठा। दर्शनशास्त्र, उर्दू, ललित कला एवं संगीत विभाग की ओर से इस विषय को विश्वविद्यालय के संज्ञान में लाया गया। इन विभागों में एसोसिएट प्रोफेसर अथवा प्रोफेसर नहीं होने की स्थिति में योग्य अभ्यर्थियों के लिए पार्ट टाइम पीएचडी के लिए पंजीकरण प्रभावित है।
इस मुद्दे पर हुई चर्चा में यह महत्वपूर्ण तर्क सामने आया कि जब कोई असिस्टेंट प्रोफेसर फुल टाइम पीएचडी करा सकता है तो उसे पार्ट टाइम पीएचडी कराने के अधिकार से वंचित क्यों रखा जाए।
विश्वविद्यालय ने नियमों में बदलाव का लिया निर्णय
दोनों ही व्यवस्थाओं में शोध निर्देशन की मूल जिम्मेदारी शिक्षक की ही होती है। इस तर्क को उचित मानते हुए विश्वविद्यालय ने नियमों में बदलाव का निर्णय लिया है। अब इसके लिए शोध नियमावली में आवश्यक संशोधन की तैयारी है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार विश्वविद्यालय का उद्देश्य शोध के अवसरों का विस्तार करना और अधिक से अधिक योग्य शिक्षकों की विशेषज्ञता का लाभ शोधार्थियों को उपलब्ध कराना है।
जिन विभागों में एसोसिएट प्रोफेसर या प्रोफेसर नहीं हैं, वहां केवल इस वजह से पार्ट टाइम पीएचडी का अवसर समाप्त नहीं होना चाहिए। नियमों में बदलाव से शोधार्थियों को विषय विशेषज्ञ शिक्षक चुनने के अधिक विकल्प भी मिलेंगे।
तीन वर्ष पहले शुरू हुई थी पार्ट टाइम पीएचडी व्यवस्था
विश्वविद्यालय ने तीन वर्ष पहले पार्ट टाइम पीएचडी की व्यवस्था शुरू की थी। इसका उद्देश्य ऐसे नौकरीपेशा और पेशेवर लोगों को शोध से जोड़ना था, जो नियमित रूप से विश्वविद्यालय में उपस्थित रहकर फुल टाइम पीएचडी नहीं कर सकते, लेकिन उनमें शोध करने की इच्छा और क्षमता है।
पार्ट टाइम पीएचडी की अवधारणा
पार्ट टाइम पीएचडी की व्यवस्था उन अभ्यर्थियों के लिए है, जो किसी संस्थान, विभाग या अन्य कार्यक्षेत्र में नौकरी अथवा पेशेवर जिम्मेदारियां निभा रहे हैं और नियमित रूप से विश्वविद्यालय में उपस्थित नहीं हो सकते। इसके माध्यम से वह अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी विशेषज्ञता और अनुभव को शोध से जोड़ सकते हैं। इसका उद्देश्य व्यावहारिक और समाजोपयोगी शोध को बढ़ावा देना तथा पेशेवर अनुभव का अकादमिक क्षेत्र को लाभ पहुंचाना है।
विश्वविद्यालय का उद्देश्य शोध के अवसरों का विस्तार करना और योग्य शिक्षकों की विशेषज्ञता का लाभ अधिक से अधिक शोधार्थियों तक पहुंचाना है। जिन विभागों में एसोसिएट प्रोफेसर या प्रोफेसर नहीं हैं, वहां केवल इस वजह से पार्ट टाइम पीएचडी का अवसर समाप्त नहीं होना चाहिए। इसे लेकर नियम में बदलाव की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। -प्रो. केपी सिंह, कुलपति, गोरखपुर विश्वविद्यालय।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।