जागरण संवाददाता, ककरही (गोरखपुर) : सूद पर रुपये देने वाले समय से कर्ज न लौटा पाने वालों के स्वजन को प्रताड़ित करते हैं। उनकी मजबूरी का भी फायदा उठाते हैं। छह वर्ष पहले युवक को रुपये देने वाले सूदखोर ने उसकी पत्नी से नजदीकी बढ़ा ली। मजबूरी का फायदा उठाते हुए कर्ज माफ करने का झांसा देकर उसकी पत्नी को अपने साथ ले गया। बाद में मामला गोला थाने पहुंचा। उसके बाद शादीशुदा सूदखोर ने महिला से दूसरी शादी कर ली। किराए पर कमरा लेकर उसे दूसरी जगह पर रखा है।

विधायक व नेताओं ने स्वजन को बंधाया ढांढस

चिल्लूपार के भाजपा विधायक राजेश त्रिपाठी, भाजपा की महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष अस्मिता चंद, पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी, रामकृपाल यादव उर्फ साधु यादव सहित अनेक लोगों ने सब्जी विक्रेता की मां सुभावती देवी, बहन आरती व भाभी सुंदरकला से मिलकर घटना की जानकारी ली और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

पहले भी हो चुकी हैं सूदखोरों की वजह से ऐसी घटना

09 दिसंबर, 2022 : पिपराइच के जंगल धूसड़ में कर्ज में डूबे पुरोहित ने पत्नी के साथ खुदकुशी कर ली। पुलिस को कमरे से सुसाइड नोट मिला।

15 नवंबर, 2022 : शाहपुर के गीता वाटिका में सिलाई का काम करने वाले व्यक्ति ने दो पुत्रियों के साथ खुदकुशी कर ली। पुलिस को कमरे से सुसाइड नोट मिला।

14 नवंबर, 2022 : गोरखनाथ की जनप्रिय विहार कालोनी निवासी सरोज देवी ने बेटे मनीष राव के साथ जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली।

04 फरवरी, 2019 : राजघाट निवासी व्यापारी ने पत्नी, दो बेटी व छोटे बेटे को खाने में जहर दे दिया, फिर खुद ट्रेन के आगे कूद गए थे। घटना में व्यापारी, उनकी पत्नी, एक बेटा व बेटी की मृत्यु हो गई।

घटना को लेकर एसएसपी डॉ. गौरव का कहना है कि, 'जांच में जिन सूदखोरों के नाम सामने आए हैं, उनकी तलाश चल रही है। सब्जी विक्रेता के भतीजे की तहरीर पर मुकदमे में सूदखोरों को शामिल किया जाएगा। सूद पर रुपये देकर प्रताड़ित करने वालों पर कार्रवाई होगी। इस संबंध में एसपी साउथ को निर्देश दिए गए हैं।'

Edited By: Nirmal Pareek