विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी यूपी में तत्काल टिकट पर दलालों की सेंधमारी, अवैध सॉफ्टवेयर से बुक हो रहे 40% टिकट

Published: Wed, 18 Nov 2026 06:00 AM (IST)

छठ महापर्व के बाद यात्रियों को ट्रेन टिकट मिलने में भारी परेशानी हो रही है, खासकर तत्काल टिकटों की कमी है।

गोरखपुर में छठ की छुट्टी से वापसी करते यात्री। जागरण

गोरखपुर में छठ की छुट्टी से वापसी करते यात्री। जागरण

HighLights

  1. छठ के बाद यात्रियों को ट्रेन टिकटों की भारी कमी।

  2. दलाल अवैध सॉफ्टवेयर से 40% तत्काल टिकट बुक कर रहे।

  3. गोरखपुर से गोंडा तक फैला लाखों का अवैध कारोबार।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। छठ महापर्व पर देवरिया निवासी राम प्रताप धक्का खाते हुए किसी तरह घर तो पहुंच गए, अब वापसी मुश्किल हो गई है। गोरखपुर स्टेशन पहुंचकर तत्काल टिकट के लिए रात भर जागते रहे। सुबह होते ही आरक्षण कार्यालय में लाइन में लग गए। काउंटर पर नंबर आते ही वेटिंग हो गया। निराशा ही हाथ लगी।

आरक्षित टिकट नहीं मिला तो जनरल टिकट लेकर रवाना हुए। जनरल बोगियों में तो चढ़ना मुश्किल हो गया है। जो किसी तरह चढ़ जा रहे, उन्हें बैठने को नहीं मिल रहा। राम प्रताप ही नहीं पूर्वांचल के हजारों कामगार दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र और गुजरात आदि जाने के लिए परेशान हैं। लेकिन, न ट्रेनों का आरक्षित टिकट मिल पा रहा और न जनरल बोगियों में सीट।

ट्रेन छूटने के 24 घंटे पहले बुक होने वाला तत्काल टिकट का भी अकाल पड़ गया है। आरक्षण काउंटर पर 20 घंटे पहले लाइन लगाने के बाद भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा। रेलवे के काउंटरों से किसी तरह सिर्फ एक से दो कन्फर्म टिकट निकल रहा है। दूसरा और तीसरा टिकट ही वेटिंग हो जा रहा। शेष टिकट दलाल पलक झपकते (एक मिनट के अंदर) बुक कर ले रहे।

ट्रेनों का लगभग 40 प्रतिशत टिकट तत्काल के रूप में दलालों के हाथ चला जा रहा। सुबह दस बजे तत्काल टिकट के लिए एक दिन पहले ही दूर-दराज गांवों से लोग स्टेशन पहुंचने लगते हैं। टिकट के लिए आरक्षण कार्यालय, स्टेशन परिसर व आसपास जगते हैं। सूची में नाम दर्ज करते जाते हैं। कुछ आरक्षण कार्यालय के सामने ही ठहर जाते हैं। कार्यालय के सामने मच्छरदानी लगाकर सो जाते हैं। तत्काल कोटा के टिकटों की बुकिंग ट्रेन छूटने के 24 घंटे पहले एसी का सुबह दस बजे व स्लीपर का 11 बजे से शुरू होती है।

गोरखपुर से गोंडा तक फैला हैं टिकटों का लाखों का अवैध कारोबार

गोरखपुर, देवरिया, महराजगंज, बस्ती, सिद्धार्थनगर और गोंडा तक टिकटों का लाखों का अवैध कारोबार फैला है। अवैध कारोबारी रेलवे के टिकट सिस्टम में पूरी तरह सेंध लगा चुके हैं। उनके अनधिकृत साफ्टवेयर रेलवे के सिस्टम से तेज गति से कार्य कर रहे हैं। रेलवे काउंटरों पर बैठे रेलकर्मी जहां एक मिनट में एक से दो कन्फर्म टिकट बुक कर रहे हैं, वहीं दूर दराज शहरों, कस्बों और गांवों में बैठे कारोबारी छह से 12 कन्फर्म टिकट बुक कर ले रहे।

काउंटर पर कन्फर्म टिकट का इंतजार कर रहे लोग हाथ मलते रह जा रहे हैं। इसमें टिकट बुक करने वाले प्राइवेट और इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आइआरसीटीसी) के एजेंट भी शामिल हैं। जानकारों का कहना है कि रेलवे को तो पूरा किराया मिल जा रहा, लेकिन आम यात्री परेशान हो रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।