विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर-नौतनवा रूट पर ट्रेनों से टकराई साइकिल-मोटरसाइकिल, रेलवे सुरक्षा पर उठे सवाल

Published: Fri, 17 Apr 2026 10:43 AM (IST)

गोरखपुर-नौतनवा रूट पर ट्रेनों से साइकिल और मोटरसाइकिल टकराने की लगातार घटनाएं सामने आई हैं। नकहा जंगल और मानीराम के ...और पढ़ें

नौतनवा रूट पर नकहा जंगल और मानीराम के बीच हुई दोनों घटनाएं। जागरण

नौतनवा रूट पर नकहा जंगल और मानीराम के बीच हुई दोनों घटनाएं। जागरण

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरखपुर-नकहा जंगल स्टेशन के बीच बुधवार को बढ़नी पैसेंजर ट्रेन के सामने रेल लाइन पर कोई साइकिल छोड़कर फरार हो गया। गुरुवार को नकहा जंगल-मानीराम स्टेशन के बीच सुबह 10:30 बजे के आसपास 15105 नंबर की छपरा-नौतनवा इंटरसिटी के इंजन में एक साइकिल फंस गई।

दोपहर एक बजे के आसपास गोरखपुर-गोमतीनगर एक्सप्रेस से मोटरसाइकिल टकरा गई। लोको पायलटों ने अपनी सूझबूझ और सतर्कता से ट्रेन दुर्घटना टाल दी। कोई क्षति तो नहीं हुई लेकिन, गोरखपुर-नौतनवा रूट पर लगातार हो रही इस तरह की घटनाएं रेलवे की संरक्षा और सुरक्षा पर सवाल खड़ी कर रही हैं। यद्यपि, रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने बढ़नी पैसेंजर के सामने साइकिल छोड़कर भागने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।

15105 नंबर की छपरा-नौतनवा इंटरसिटी नकहा जंगल से नौतनवा जा रही थी। मानीराम से पहले लोको पायलटों ने देखा कि एक युवक साइकिल से रेल लाइन पार कर रहा है। ट्रेन को पास आते देख युवक रेल लाइन पर साइकिल छोड़ भाग गया। लोको पायलट अभी इमरजेंसी ब्रेक लगाते कि ट्रेन साइकिल तक पहुंच गई और साइकिल ट्रेन के इंजन में फंस गई। लोको पायलटों ने इंजन में फंसी साइकिल को निकालकर अपने साथ लेकर रवाना हो गए।

मानीराम स्टेशन पर पहुंचने के बाद लोको पायलटों ने स्टेशन मास्टर को साइकिल सौंपते हुए मेमो के माध्यम से लिखित सूचना दी। जानकारी होने पर रेलवे सुरक्षा बल के जवान सतर्क हो गए और साइकिल छोड़कर भागने वाले युवक की तलाश में जुट गए। सुरक्षा बल अभी साइकिल वाले युवक की तलाश कर ही रहे थे कि नकहा जंगल और मानीराम स्टेशन के बीच गोरखपुर-गोमतीनगर एक्सप्रेस से एक मोटरसाइकिल के टकराने का मामला प्रकाश में आ गया।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर विश्वविद्यालय की दो महिला प्रोफेसर करेंगी MMUT प्रकरण की जांच, छात्राओं ने जमकर मचाया था हंगामा

जानकारों के अनुसार मानीराम से पहले रेलवे क्रासिंग नंबर छह स्पेशल पूरी तरह से बंद है। बैरिकेडिंग भी हो गई है। इसके बाद भी कुछ लोग मोटरसाइकिल से रेलवे क्रासिंग पार करने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच गोमतीनगर एक्सप्रेस आ गई।

लोको पायलटों ने रेल लाइन पर मोटरसाइकिल देख इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया। ब्रेक लगने के बाद भी ट्रेन मोटरसाइकिल तक पहुंच गई। मोटरसाइकिल ट्रेन के इंजन से टकराकर दूर छिटक गई।

लगभग 15 मिनट खड़ी होने के बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हो गई। लोको पायलटों ने इस घटना की सूचना मानीराम के स्टेशन मास्टर को उपलब्ध करा दी। रेलवे सुरक्षा बल की टीम जांच में जुट गई है।