विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ-गोरखपुर रेलमार्ग पर गिरे पेड़, वैशाली व गोरखधाम समेत कई ट्रेनें लेट

By Prem Narayan DwivediEdited By: Vivek Shukla
Published: Sat, 26 Sep 2026 02:04 PM (IST)

तेज आंधी-बारिश और नानइंटरलाकिंग कार्य के कारण लखनऊ-गोरखपुर रेलमार्ग पर पेड़ गिरने से ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। वैशाली, गोरखधाम ...और पढ़ें

गोंडा- बस्ती के बीच रेललाइन पर गिरा पेड़। जागरण

गोंडा- बस्ती के बीच रेललाइन पर गिरा पेड़। जागरण

HighLights

  1. तेज आंधी-बारिश से लखनऊ-गोरखपुर रेलमार्ग पर पेड़ गिरे।

  2. वैशाली, गोरखधाम सहित कई ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं।

  3. नानइंटरलाकिंग कार्य से भी रेल संचालन प्रभावित हुआ।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। तेज आंधी- बारिश तथा स्वामी नारायण छपिया- मनकापुर स्टेशन के बीच चल रही नानइंटरलाकिंग के चलते ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। शनिवार को सुबह लखनऊ-गोरखपुर रेलमार्ग पर जगह-जगह 20 से 25 पेड़ गिर गए हैं। पेड़ गिरने से ओवरहेड इक्यूपमेंट (ओएचई- रेल लाइन के ऊपर वाला बिजली का तार) क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

बिजली की सप्लाई भी ठप हो गई है। दिल्ली-गोरखपुर रूट की महत्वपूर्ण वैशाली और गोरखधाम समेत कई ट्रेनें लेट हैं। वैशाली, गोरखधाम, बाघ, एलटीटी और बांद्रा एक्सप्रेस गोंडा से बस्ती के बीच जगह-जगह खड़ी हैं। लखनऊ-गोरखपुर डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन लगभग ठप है। गोंडा-बहराइच रेलमार्ग पर भी पेड़ों के गिरने से ट्रेनें रुकी हुई हैं। रेल यात्री परेशान हैं।

15566 नंबर की नई दिल्ली-ललितग्राम और 12556 बठिंडा-गोरखपुर गोरखधाम एक्सप्रेस पांच घंटे की देरी से चल रही हैं। 13020 बाघ एक्सप्रेस, 19037 बांद्रा एक्सप्रेस और 20103 एलटीटी एक्सप्रेस तीन से साढ़े तीन घंटे देर से चल रही हैं। यह सभी ट्रेनें अभी तक बस्ती से आगे नहीं बढ़ी हैं।

लगातार हो रही बारिश में यात्री स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर नवनिर्माण के चलते ट्रेनों की प्रतीक्षा करने की जगह नहीं मिल रही है। यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। रविवार को भी ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।

लखनऊ मंडल के गोरखपुर-गोंडा रेल खंड पर स्थित स्वामी नारायण छपिया-मसकनवा-लखपतनगर-मनकापुर स्टेशनों (18.82 किमी) के मध्य आटोमेटिक ब्लाक सिग्नल सिस्टम का कार्य पूरा हो गया है। 26 एवं 27 सितम्बर को नानइंटरलाकिंग हो रही है। छह पैसेंजर ट्रेनें पहले से ही निरस्त कर दी गई हैं। दो दिन 26 ट्रेनें मार्ग बदलकर चलाई जाएंगी।

यह भी पढ़ें- जागरण एजेंडा: गोरखपुर में सिर्फ 50 स्कूलों में ‘विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति’, भारी पड़ रही लापरवाही

रेल लाइनों से पेड़ हटाए जा रहे हैं। शाम तक ट्रेनों का संचालन सामान्य होने की संभावना है। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि लखनऊ मंडल में लखनऊ-गोरखपुर व गोंडा-बहराइच रेलखंड पर लगभग 40 पेड़ गिरे हैं। इसके चलते ट्रेनों का संचालन प्रभावित है। रेल लाइनों से पेड़ हटाए जा रहे हैं। बिजली सप्लाई दुरुस्त की जा रही है।

यह भी पढ़ें- कोका-कोला से अडाणी तक... गोरखपुर में 164 बड़ी कंपनियां लगाएंगी प्लांट, 20,000 युवाओं को मिलेगा रोजगार