गोरखपुर में अब धूप से नहीं झुलसेगी यातायात पुलिस, मंगाए जा रहे 200 कूलिंग जैकेट
गोरखपुर यातायात पुलिस को भीषण गर्मी से बचाने के लिए 200 कूलिंग जैकेट मंगाई जा रही हैं। ये विशेष जैकेटें ...और पढ़ें

भीषण गर्मी में छाता लेकर ड्यूटी करने को मजबूर हैं यातायात सिपाही व होमगार्ड। जागरण
HighLights
यातायात पुलिस को मिलेंगी 200 कूलिंग जैकेट।
जैकेट आठ घंटे तक गर्मी से बचाएगी।
पुलिसकर्मियों की ड्यूटी और स्वास्थ्य में सुधार।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। झुलसा देने वाली धूप में घंटों चौराहों पर ड्यूटी करने वाले यातायात पुलिसकर्मियों को अब बड़ी राहत मिलने जा रही है। गोरखपुर यातायात पुलिस के लिए 200 कूलिंग जैकेट मंगाई जा रही हैं। इन विशेष जैकेटों को पहनने के बाद तेज धूप और गर्म हवा का असर काफी कम हो जाएगा। पुलिस अधिकारियों की माने तो यह जैकेट एक बार पानी से ठंडा करने के बाद करीब आठ घंटे तक शरीर को ठंडक पहुंचाएगी। इससे चिलचिलाती धूप में भी पुलिसकर्मी लंबे समय तक आराम से ड्यूटी कर सकेंगे।
शहर में इस समय 52 से अधिक प्रमुख चौराहों और यातायात प्वाइंट पर 200 से ज्यादा यातायात पुलिसकर्मी और करीब 350 होमगार्ड जवान तैनात रहते हैं। सुबह से लेकर देर शाम तक धूप में खड़े होकर ट्रैफिक नियंत्रित करना उनके लिए बड़ी चुनौती बन जाता है।
गर्मी से बचने के लिए कई पुलिसकर्मी छाता लगाकर ड्यूटी करने को मजबूर हैं। यातायात पुलिस के जवानों को पहले एसी हेलमेट उपलब्ध कराने का प्रयोग किया गया था, लेकिन तकनीकी दिक्कतों और असुविधा के कारण वह ज्यादा कारगर साबित नहीं हुआ। अब विभाग ने कूलिंग जैकेट को नया विकल्प बनाया है।
अधिकारियों का कहना है कि यह जैकेट विशेष कूलिंग तकनीक पर आधारित है। इसे कुछ देर पानी में भिगोने या ठंडा करने के बाद पहनने पर जैकेट के भीतर लंबे समय तक ठंडक बनी रहती है। इसके साथ ट्रैफिक पुलिसकर्मी गोल हैट भी पहनेंगे, जिससे सिर और शरीर दोनों को गर्मी से राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर स्टेशन पर 'टॉक बैक' सिस्टम से शांत हुए टिकट काउंटर, अब आसानी से होगी बात
तेज धूप में लगातार ड्यूटी करने से पुलिसकर्मियों में डिहाइड्रेशन, चक्कर आने और थकान जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। कई बार जवानों की तबीयत भी बिगड़ जाती है। ऐसे में यह व्यवस्था पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और कार्यक्षमता दोनों के लिए मददगार साबित होगी।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि भीषण गर्मी में यातायात पुलिसकर्मियों को राहत देने के लिए 200 कूलिंग जैकेट मंगाई जा रही हैं। इसका उद्देश्य चौराहों पर तैनात जवानों को गर्मी से बचाना और उन्हें बेहतर कार्य परिस्थितियां उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आगे भी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
