गोरखपुर में आकर्षक बनेगा यातायात तिराहा, जाम से राहत दिलाएगा नया गोलंबर
गोरखपुर के यातायात तिराहे का 1.75 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प किया जा रहा है, जिसमें डॉ. राजेंद्र प्रसाद ...और पढ़ें
-1787472539193_m.webp)
कायाकल्प: तस्वीर में नजर आ रहा प्रस्तावित प्रारूप यातायात तिराहे का है, जो आगामी दिनों में धरातल पर भी दिखेगा l सौ. निगम
HighLights
1.75 करोड़ रुपये से यातायात तिराहे का कायाकल्प।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद की भव्य प्रतिमा स्थापित होगी।
जाम से राहत, आकर्षक लाइटिंग और फव्वारे।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शहर के प्रमुख यातायात तिराहे का स्वरूप अब पूरी तरह बदल रहा है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत तिराहे के पुनर्विकास और सुंदरीकरण के लिए 175.38 लाख रुपये यानी करीब 1.75 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण शुरू हो गया है। योजना में तिराहे को आकर्षक बनाने के साथ यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने पर भी जोर दिया गया है।
नए डिजाइन के अनुसार वाहनों के आवागमन के लिए अलग-अलग लेन तैयार की जाएंगी, जिससे यातायात के दबाव को कम करने और जाम की समस्या से राहत दिलाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा यहां देश के प्रथम राष्ट्रपति डा. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा भी लगाई जाएगी।
बढ़ेगी फुटपाथ की चौड़ाई, जाम से मिलेगी राहत
योजना के तहत यातायात तिराहे पर नया गोलंबर बनाया जाएगा। इसके मध्य हिस्से को वेब थीम आधारित आर्ट से सजाया जाएगा। गोलंबर और आसपास के हिस्से में हरियाली विकसित करने के साथ सजावटी पौधे लगाए जाएंगे। पैदल राहगीरों की सुविधा के लिए फुटपाथ की चौड़ाई भी बढ़ाई जाएगी। इससे तिराहे पर पैदल और वाहनों की आवाजाही को अलग-अलग व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। वहीं, यातायात तिराहा शहर के व्यस्त मार्गों को जोड़ने वाला प्रमुख स्थान है।
यहां वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है। नए डिजाइन में यातायात के लिए अलग-अलग लेन और व्यवस्थित आवागमन की व्यवस्था प्रस्तावित है। इसका उद्देश्य वाहनों के आपस में उलझने की स्थिति को कम करना और तिराहे से यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना है। यानी इस परियोजना में केवल सौंदर्यीकरण नहीं, बल्कि ट्रैफिक सुधार को भी प्रमुखता दी गई है।
फव्वारे और लाइटिंग से बदलेगा रात का नजारा
सुंदरीकरण योजना में आकर्षक प्रकाश व्यवस्था भी शामिल है। तिराहे पर एलईडी लाइटें, सजावटी लाइटिंग पोल और फव्वारे लगाए जाएंगे। इससे तिराहे का स्वरूप रात में भी आकर्षक नजर आएगा। गोलंबर और आसपास के हिस्से में विकसित की जाने वाली हरियाली इसे शहर के प्रमुख सुंदरीकृत स्थलों में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी।
यह भी पढ़ें- पूर्वोत्तर रेलवे के रनिंग स्टाफ को अब मिलेगा बढ़ा हुआ सेल भत्ता, 120 से बढ़कर हुआ 320 रुपये
राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा हटाए जाने पर हुआ विरोध
कायाकल्प की प्रक्रिया के तहत यातायात तिराहे पर स्थापित देश के प्रथम राष्ट्रपति डा. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा को विस्थापित किया गया है। प्रतिमा हटाए जाने को लेकर स्थानीय लोगों और कुछ राजनीतिक दलों की ओर से विरोध भी किया गया। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि प्रतिमा स्थायी रूप से नहीं हटाई गई है बल्कि निर्माण कार्य के दौरान उसे सुरक्षित रखने के लिए निगम परिसर में रखा गया है। नगर आयुक्त अजय जैन का कहना है कि तिराहे का सुंदरीकरण और निर्माण कार्य पूरा होने के बाद प्रति वहां स्थापित की जाएगी।
