विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में जाम से छुटकारा दिलाने के लिए डीआइजी की बैठक, इधर थमने लगे गाड़ियों के पहिये

Published: Mon, 02 Nov 2026 06:55 PM (IST)

गोरखपुर में यातायात सुरक्षा माह के शुभारंभ के बावजूद पहले ही दिन शहर में भीषण जाम लग गया।

डीआईजी डॉ. एस. चनप्पा को खुद छात्रसंघ चौराहे पर जाम खुलवाने के लिए सड़क पर उतरना पड़ा।

डीआईजी डॉ. एस. चनप्पा को खुद छात्रसंघ चौराहे पर जाम खुलवाने के लिए सड़क पर उतरना पड़ा।

HighLights

  1. यातायात सुरक्षा माह के पहले दिन गोरखपुर में भीषण जाम।

  2. डीआईजी डॉ. एस. चनप्पा ने खुद संभाली यातायात व्यवस्था।

  3. चारफाटक पुल बंद होने से अन्य सड़कों पर बढ़ा दबाव।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शहर को जाम से मुक्ति दिलाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के संकल्प के साथ सोमवार को यातायात सुरक्षा माह-2026 की शुरुआत हुई, लेकिन पहले ही दिन यातायात व्यवस्था की परीक्षा में शहर की सड़कें बेबस नजर आईं।

पुलिस लाइन में यातायात माह की जिम्मेदारियों को लेकर पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग चल रही थी और दूसरी तरफ शहर के प्रमुख चौराहों पर वाहन जाम में फंसे रहे। असुरन चौराहा, मोहद्दीपुर, सिविल लाइन, बेतियाहाता, छात्रसंघ चौराहा और पैडलेगंज समेत कई इलाकों में वाहनों की लंबी कतार लगी रही। स्थिति यह हो गई कि छात्रसंघ चौराहे पर जाम खुलवाने के लिए डीआइजी डा. एस. चनप्पा को खुद सड़क पर उतरना पड़ा। जानकारी होने पर एसपी यातायात और सीओ यातायात भी मौके पर पहुंचे।

सोमवार को यातायात सुरक्षा माह के शुभारंभ के लिए पुलिस लाइन में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। डीआइजी रेंज डा. एस. चनप्पा और एसएसपी डा. कौस्तुभ ने अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस के सिपाही और दारोगा भी पुलिस लाइंस में मौजूद थे। इसी दौरान शहर के अलग-अलग हिस्सों में जाम की स्थिति बिगड़ती चली गई।

प्रमुख चौराहों पर यातायात का दबाव बढ़ा तो वाहन चालकों को निकलने का रास्ता नहीं मिला। दोपहर से शुरू हुई परेशानी देर शाम तक बनी रही। छात्रसंघ चौराहे पर वाहनों की लंबी कतार लगने और आवागमन प्रभावित होने की जानकारी मिलने पर डीआइजी डा. एस. चनप्पा खुद सड़क पर उतर आए। उन्होंने मौके पर यातायात व्यवस्था संभालते हुए जाम खुलवाने का प्रयास किया। इसके बाद एसपी यातायात और सीओ यातायात भी मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकालने और आवागमन सामान्य कराने की कोशिश की। शहर के प्रमुख चौराहे पर वरिष्ठ अधिकारी को खुद सड़क पर उतरकर जाम खुलवाना पड़ा, जिससे यातायात व्यवस्था पर दबाव का अंदाजा लगाया जा सकता है। चारफाटक ओवरब्रिज के रास्ते आवागमन बंद होने के कारण कौवाबाग अंडरपास से लेकर असुरन चौक तक वाहनों का दबाव देर शाम तक बना रहा।

चारफाटक की ओर से आने-जाने वाले लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा, जिससे आसपास की सड़कों पर भी यातायात प्रभावित हुआ। कौवाबाग अंडरपास से लेकर जीएम कार्यालय रोड तक वाहन रेंगते नजर आए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।