गोरखपुर में सुरक्षा का नया नेटवर्क, शहर में खुलेंगी 6 नई पुलिस चौकियां; बढ़ेगी गश्त और निगरानी
गोरखपुर में शहर के विस्तार और बढ़ती आबादी के मद्देनजर पुलिस अपनी पहुंच और निगरानी बढ़ाने की तैयारी में है। ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
गोरखपुर में छह नई पुलिस चौकियां खोलने का प्रस्ताव।
बढ़ती आबादी और शहरी विस्तार के लिए यह कदम।
गश्त, निगरानी और त्वरित कार्रवाई में होगी वृद्धि।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शहर के विस्तार और तेजी से बढ़ती आबादी के बीच अपनी पहुंच और निगरानी बढ़ाने की पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों ने छह नई पुलिस चौकी खोलने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। धर्मशाला अंडरपास, खोराबार क्षेत्र में तीन स्थान, गुलरिहा थाने के पीछे और ग्रीन सिटी के पास चौकी प्रस्तावित है। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के अनुसार, चौकियों के लिए स्थान भी मिल चुका है और जल्द इन्हें शुरू किया जाएगा।
नई चौकियां शुरू होने के बाद जिले में पुलिस चौकियों की संख्या 50 से अधिक हो जाएगी। वर्तमान में करीब 45 पुलिस चौकियां संचालित हैं। इन चौकियों का उद्देश्य खासकर तेजी से विकसित हो रहे शहरी इलाकों, रिंग रोड और उसके आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की नियमित मौजूदगी बढ़ाना है। गुलरिहा थाने के पीछे प्रस्तावित चौकी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह इलाका वर्तमान में पिपराइच थाना क्षेत्र में आता है, लेकिन भौगोलिक रूप से गुलरिहा थाने के काफी करीब है। थाना सीमा अलग होने के कारण गुलरिहा पुलिस की नियमित निगरानी सीमित रहती है। चौकी बनने के बाद क्षेत्र में पुलिस की सीधी निगरानी बढ़ेगी और किसी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के पहुंचने में कम समय लगेगा। खोराबार क्षेत्र में तीन चौकियों के प्रस्ताव को भी रिंग रोड और आसपास बढ़ रही गतिविधियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
पुलिस का मानना है कि नई चौकियों से अपराध की सूचना पर त्वरित कार्रवाई के साथ ही नियमित गश्त भी बढ़ाई जा सकेगी। नई चौकियों के साथ पुलिस ने सीसी कैमरों का नेटवर्क मजबूत करने की तैयारी भी शुरू की है। एसएसपी ने सभी चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक सीसी कैमरे लगवाने का सुझाव दिया है।
प्रमुख चौराहों, बाजारों, संवेदनशील स्थानों और प्रमुख आवागमन मार्गों पर कैमरे लगाने पर जोर दिया जा रहा है। वहीं, पहले से लगे कैमरों की भी नए सिरे से जांच होगी। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि छह और पुलिस चौकियों का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जल्द ही इन्हें शुरू किया जाएगा।
