गोरखपुर में 120 एकड़ में बनेगा प्लग एंड प्ले इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, भव्या योजना के तहत 102 करोड़ से होगा विकास
गोरखपुर में 120 एकड़ में 'प्लग एंड प्ले' औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जिसकी लागत 102.35 करोड़ रुपये होगी।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
धुरियापार में 120 एकड़ का औद्योगिक कॉरिडोर बनेगा।
102.35 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी मिली।
भव्या योजना से रोजगार और निवेश बढ़ेगा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्या) के तहत दक्षिणांचल के धुरियापार में औद्योगिक निवेश को नई गति देने की तैयारी शुरू हो गई है। गीडा के सेक्टर छह में 120 एकड़ क्षेत्रफल में प्लग एंड प्ले औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।
102.35 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को शासन से मंजूरी मिल गई है। कॉरिडोर का विकास केंद्र सरकार, राज्य और प्राधिकरण के संयुक्त फंड से किया जाएगा। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 88 करोड़ रुपये की रकम दी जाएगी।
मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में गठित राज्य स्तरीय समिति की बैठक में गोरखपुर समेत प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्रों की डीपीआर को स्वीकृति दी गई। गीडा की ओर से कॉरिडोर के लिए कंसलटेंट नियुक्त कर डीपीआर तैयार कराई गई थी। मंजूरी मिलने के बाद अब परियोजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
प्लास्टिक पार्क की तर्ज पर मिलेगी प्लग एंड प्ले सुविधा
धुरियापार में विकसित होने वाले कॉरिडोर में उद्यमियों को प्लास्टिक पार्क की तर्ज पर प्लग एंड प्ले की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यानी उद्योग लगाने के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं पहले से विकसित रहेंगी। सड़क, बिजली और पानी जैसी सुविधाओं के साथ औद्योगिक भूखंड, फ्लैटेड फैक्ट्री, वेयरहाउसिंग और कामन फैसिलिटी सेंटर भी विकसित किए जाएंगे।
गीडा ने भव्या योजना के तहत कॉरिडोर के लिए धुरियापार सेक्टर छह में 120 एकड़ भूमि चिन्हित की थी। इसमें 16 तरह की औद्योगिक इकाइयों के स्थापित होने की संभावना है।
अधिकारियों के मुताबिक देश की नामी-गिरामी कंपनियां भी यहां निवेश कर सकती हैं। केंद्र सरकार से परियोजना का पूरा फंड मिलने की वजह से उद्यमियों के लिए भूमि की कीमत अपेक्षाकृत कम रखने की संभावना भी है।
यूपी में सात स्थानों पर विकसित होंगे औद्योगिक क्षेत्र
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मार्च 2026 में भारत औद्योगिक विकास योजना को मंजूरी दी थी। योजना के तहत देशभर में 100 औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाने हैं। उत्तर प्रदेश में सात स्थानों पर ऐसे औद्योगिक कॉरिडोर विकसित करने का प्रस्ताव है। इसी क्रम में गोरखपुर के धुरियापार को भी शामिल किया गया है।
औद्योगिक क्षेत्र के विकसित होने से दक्षिणांचल में निवेश का नया केंद्र तैयार होने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। गीडा का लक्ष्य बड़े उद्योगों के साथ स्थानीय उद्यमियों को भी औद्योगिक गतिविधियों से जोड़ना है।
केंद्र सरकार की भव्या योजना के तहत धुरियापार में 120 एकड़ जमीन में औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। योजना की डीपीआर को मंजूरी मिल गई है। अच्छी कंपनियां तो यहां आएंगी ही, स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा। -विशाल कुमार, सीईओ, गीडा।
यह भी पढ़ें- 10 साल में तैयार हुई गन्ने की नई किस्म, सिर्फ 5 मिनट में बुक हो गए 2 लाख बड्स! खासियत और किसे मिल रहा फायदा?
