विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर कुर्सी विवाद: सपा जिलाध्यक्ष और पूर्व मंत्री-विधायक समेत 12 पर केस दर्ज, लाइसेंस भी रद करने की तैयारी

Published: Sun, 04 Oct 2026 07:07 PM (IST)

गोरखपुर में सपा की प्रेसवार्ता के दौरान हुई मारपीट के मामले में कैंट पुलिस ने सपा नेताओं के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज किए हैं।

सपा जिलाध्यक्ष, पूर्व मंत्री-विधायक समेत 12 पर मारपीट,बलवा का केस।

सपा जिलाध्यक्ष, पूर्व मंत्री-विधायक समेत 12 पर मारपीट,बलवा का केस।

HighLights

  1. सपा प्रेसवार्ता में मारपीट पर कैंट पुलिस ने दर्ज किए दो मुकदमे।

  2. बृजेश गौतम, काजल निषाद समेत 12 सपा नेताओं पर गंभीर आरोप।

  3. एक आरोपित अंशुमान सिंह का शस्त्र लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। सपा की प्रेसवार्ता के दौरान प्रेस क्लब सभागार में मारपीट के मामले में कैंट पुलिस ने सपा नेताओं विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के अध्यक्ष ओंकारधर द्विवेदी की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम, महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रहलाद यादव, पूर्व मंत्री मोहसिन खान, पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव, अभिनेत्री व सपा नेता काजल निषाद समेत 12 लोगों को आरोपित बनाया गया है।

इन पर मारपीट, बलवा, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप है। ओंकारधर द्विवेदी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार दोपहर करीब दो बजे प्रेस क्लब सभागार में सपा जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम की प्रेसवार्ता चल रही थी।

इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी, अवधेश यादव, प्रहलाद यादव, मोहसीन खान, काजल निषाद, संजय पहलवान, महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी, संजय निषाद, अंशुमान सिंह, कमलेश सिंह और पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव मौजूद थे।

तहरीर के मुताबिक, प्रेसवार्ता के दौरान किसी बात को लेकर वहां मौजूद लोगों के बीच विवाद हो गया और मारपीट शुरू हो गई। इससे प्रेसवार्ता कवर कर रहे पत्रकारों में अफरा-तफरी मच गई। पत्रकारों को अपनी सुरक्षा के लिए वहां से हटना पड़ा।

तहरीर में कुछ लोगों पर असलहा लेकर प्रेस क्लब पहुंचने का भी आरोप लगाया गया है। इधर, इसी मामले में शनिवार को पूर्व जिलाध्यक्ष रामनगीना साहनी ने सपा से निष्कासित किए गए अंशुमान सिंह, उनके बेटे कमलेश, विमलेश समेत 12 अज्ञात लोगों के विरुद्ध भी कैंट थाने में हत्या के प्रयास, मारपीट और बलवा की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।

कैंट थाना पुलिस दोनों मुकदमों की जांच करने के साथ ही आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि प्रेस क्लब अध्यक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पूर्व जिलाध्यक्ष ने भी मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें छापेमारी कर रही हैं। एक आरोपित हिरात में है।

शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने को भेजी जाएगी रिपोर्ट

हत्या की कोशिश,मारपीट व धमकी देने के मामले में फरार चल रहे अंशुमान सिंह का शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई पुलिस ने शुरू कर दी है। मुकदमे का हवाला देते हुए जिलाधिकारी को विवेचक रिपोर्ट भेजेंगे। इसके अलावा अंशुमान सिंह व आरोपित बनाए गए उनके दोनों बेटों पर दर्ज मुकदमे का भी पुलिस रिकार्ड खंगाल रही है।

यह है मामला

शनिवार की दोपहर सपा जिलाध्यक्ष की प्रेस वार्ता के दौरान सीट पर बैठने को लेकर पूर्व जिलाध्यक्ष रामनगीना प्रसाद साहनी व सपा नेता अंशुमान सिंह के बेटे कमलेश सिंह के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया। कमलेश सिंह ने इसी बीच पूर्व जिलाध्यक्ष को थप्पड़ मार दिया।

यह भी पढ़ें- सपा कुर्सी विवाद पर अखिलेश यादव का बड़ा एक्शन, गोरखपुर की सभी इकाईयों को किया भंग