गोरखपुर में बातचीत के बहाने बुलाकर युवक को मारी गोली, पुलिस ने 3 लोगों को हिरासत में लिया
गोरखपुर के माया बाजार चौराहे पर बातचीत के बहाने बुलाकर नमन गुप्ता को गोली मारी गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
गोरखपुर के माया बाजार में युवक नमन गुप्ता को गोली मारी।
बातचीत के बहाने बुलाकर वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने तीन को हिरासत में लिया, मुख्य आरोपी की तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बातचीत के बहाने युवक को माया बाजार चौराहे पर बुलाने के बाद साथियों ने गोली मार दी। यह घटना रविवार की रात 10 बजे की है। गोली चलने की आवाज के बाद चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई।
आसपास के लोग घायल नमन को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बीआरडी मेडिकल कालेज के नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के मुताबिक उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। दो नामजद व एक अज्ञात को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
मुख्य आरोपित की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी चल रही है। माया बाजार निवासी 29 वर्षीय नमन गुप्ता की मां रीता देवी ने बक्शीपुर काली मंदिर के पास रहने वाले सचिन्द्र कुशवाहा उर्फ शनि, रीशू जायसवाल, राहुल गुप्ता और उनके अज्ञात साथियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
उनका कहना है कि आरोपितों ने नमन को बातचीत करने के लिए चौराहे पर बुलाया था। वहां बातचीत के दौरान ही उसे गोली मार दी गई। गोली लगने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने देर रात रीशू जायसवाल, राहुल गुप्ता और उनके साथी विशाल को हिरासत में लिया है। तीनों से गोलीकांड की वजह, घटनास्थल पर मौजूद अन्य लोगों और मुख्य आरोपित के बारे में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि गोली चलाने वाले समेत वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके। मुख्य आरोपित सचिन्द्र कुशवाहा उर्फ शनि की तलाश में संभावित ठिकानों पर पुलिस छापेमारी कर रही है।
हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ के आधार पर उसके संपर्कों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि गोली चलाने के पीछे विवाद की वजह क्या थी और वारदात की पहले से कोई योजना थी या बातचीत के दौरान अचानक विवाद बढ़ा।
सीओ कोतवाली ओंकार दत्त ने बताया कि घायल की स्थिति खतरे से बाहर है। नामजद आरोपितों में से तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मुख्य आरोपित के पकड़े जाने पर घटना की वजह स्पष्ट होगी।
यह भी पढ़ें- 'अब शायद गोरखपुर को स्पेन बताने की जरूरत न पड़े'... रवि किशन के घर के बाहर जलभराव पर कांग्रेस ने कसा तंज
