विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवरिया स्कार्पियो हादसा: गोरखपुर में कहां गए थे मृतक, पुलिस के लिए पहेली बना अनसुलझा सफर

Published: Wed, 11 Feb 2026 07:38 AM (IST)

देवरिया के गौरीबाजार में स्कार्पियो पलटने से सिवान के दो युवक-युवती की मौत हो गई। पुलिस ने दुर्घटना की जांच ...और पढ़ें

टक्कर और बैरियर तोड़ने की जांच पूरी, लेकिन सफर का मकसद अब भी रहस्य। जागरण

 टक्कर और बैरियर तोड़ने की जांच पूरी, लेकिन सफर का मकसद अब भी रहस्य। जागरण

HighLights

  1. देवरिया में स्कार्पियो पलटने से सिवान के दो की मौत।

  2. गोरखपुर में मृतकों के मूवमेंट का रहस्य बरकरार है।

  3. घायल चालक का बयान जांच के लिए महत्वपूर्ण है।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। देवरिया के गौरीबाजार में स्कार्पियो पलटने से हुई दो मौतों के मामले में पुलिस ने भले ही टक्कर और दुर्घटना के कारणों की जांच पूरी कर ली हो, लेकिन सबसे अहम सवाल अब भी अनुत्तरित है कि सिवान (बिहार) के रहने वाले युवक-युवती आखिर गोरखपुर शहर में कहां-कहां गए थे और हादसे के वक्त वे किस जगह से लौट रहे थे। घर से निकलने के बाद उनके पूरे मूवमेंट को लेकर पुलिस अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है।

हादसे में जान गंवाने वालों में सिवान जिले के सिसवनिया थाना क्षेत्र के मुढ़ा गांव निवासी 20 वर्षीय मनीषा यादव, पुत्री योगेंद्र यादव और सिवान जिले के जीरादेई थाना क्षेत्र के करालू गांव निवासी 22 वर्षीय अमित कुमार गौड़, पुत्र हरिश्चंद्र गौंड शामिल हैं। हादसे में गंभीर रूप से घायल 26 वर्षीय बृजेश यादव, पुत्र गौतम, निवासी भैसाखाल (जीरादेई, सिवान) स्कार्पियो चला रहा था।

पुलिस रिकार्ड के अनुसार, तीनों सिवान से गोरखपुर आए थे, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शहर में उन्होंने किन स्थानों पर समय बिताया, किससे मुलाकात की और देर रात कहां से लौट रहे थे। मनीषा के स्वजनों के अनुसार, वह घर से गोरखपुर में रहने वाली मौसी के यहां जाने की बात कहकर निकली थी। वहीं अमित ने परिवार को बताया था कि वह दोस्तों के साथ घूमकर आएगा।

इसके बावजूद, पुलिस अब तक यह स्पष्ट नहीं कर सकी है कि तीनों गोरखपुर पहुंचने के बाद वास्तव में कहां गए। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि काल डिटेल खंगाले जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ऐसी टाइमलाइन तैयार नहीं हो सकी है, जिससे पूरा घटनाक्रम साफ हो सके। दूसरी तरफ यह जांच पूरी हो चुकी है कि स्कार्पियो सवारों ने तेज रफ्तार में पुलिस की गाड़ी में टक्कर मारी थी और रोकने पर बैरियर तोड़ते हुए भाग निकले थे।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में रोडवेज बसों को लेकर बदला मार्ग, अब तारामंडल बाईपास से आएंगी देवरिया की बसें

पुलिस का दावा है कि स्कार्पियो का पीछा नहीं किया गया और देवरिया के गौरीबाजार के पास संतुलन बिगड़ने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे वाली जगह से शराब की बोतलें मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि चालक शराब के नशे में था। हालांकि, इस संबंध में अंतिम पुष्टि चालक के बयान और मेडिकल साक्ष्यों पर निर्भर करेगी।

फिलहाल, गौरीबाजार थाने में चौकीदार की तहरीर पर दर्ज मुकदमे की विवेचना देवरिया पुलिस कर रही है। दुर्घटना में क्षतिग्रस्त स्कार्पियो पुलिस के कब्जे में है और उसकी मैकेनिकल जांच कराई जा रही है। हादसे के बाद घायल बृजेश यादव को देवरिया मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई और वह घर चला गया। अब तक उसका बयान दर्ज नहीं हो सका है, जिससे जांच की अहम कड़ी अधूरी है।

यह है मामला

शुक्रवार की रात गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर चौरीचौरा पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम पशु तस्करों की पिकअप को रोकने की कोशिश कर रही थीं। पिकअप सवार तस्कर फुटहवा इनार के पास डिवाइडर पर चढ़कर वाहन मोड़ते हुए भाग निकले। इसी दौरान शहर की ओर से देवरिया जा रही एक स्कार्पियो तेज रफ्तार में पुलिस जीप से टकरा गई।

पुलिस के अनुसार, स्कार्पियो सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे बैरियर तोड़ते हुए देवरिया की तरफ निकल गए। कुछ दूरी आगे, देवरिया के गौरीबाजार थाना क्षेत्र में स्कार्पियो संतुलन खो बैठी और अनियंत्रित होकर पलट गई जिसमें युवती समेत दो की मौत हो गई थी।