गोरखपुर में स्कूलों के रिकॉर्ड में मिली गड़बड़ी, यू-डायस से हटेंगे 4363 डुप्लीकेट नाम
शिक्षा विभाग ने गोरखपुर में परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों के छात्रों के शैक्षणिक अभिलेखों में पाई गई विसंगतियों पर सख्ती की है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
गोरखपुर में 4363 डुप्लीकेट छात्र यू-डायस प्लस से हटेंगे।
शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक अभिलेखों की विसंगतियों पर सख्ती की।
यूपी बोर्ड और यू-डायस डेटा में एकरूपता सुनिश्चित होगी।
प्रभात कुमार पाठक, गोरखपुर। परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों के नामांकन और शैक्षणिक अभिलेखों में सामने आ रही विसंगतियों को दूर करने के लिए शिक्षा विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। यू-डायस प्लस पोर्टल पर दर्ज डुप्लीकेट विद्यार्थियों के आंकड़ों के सत्यापन और निराकरण की जिम्मेदारी विद्यालयों को सौंपी गई है।ॉ
गोरखपुर में ऐसे 4363 विद्यार्थियों के विवरण चिह्नित किए गए हैं, जिन्हें पोर्टल से हटाया जाना है। जिले के कुल 8822 विद्यार्थियों के आंकड़ों के परीक्षण में यह स्थिति सामने आई है।
समग्र शिक्षा के राज्य परियोजना निदेशक ने जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र जारी कर सभी विसंगतियों का अनिवार्य रूप से निराकरण कराने का निर्देश दिया है। इसके तहत विद्यालयों को यू-डायस प्लस पोर्टल पर डुप्लीकेट छात्र-छात्राओं का उपलब्ध मूल अभिलेखों से मिलान करना होगा।
सही प्रविष्टियां सुरक्षित रखते हुए अतिरिक्त और डुप्लीकेट प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाना होगा। इसके लिए विद्यालयों को अलग से सूची भी उपलब्ध कराई गई है।
इसके अलावा कक्षा नौ और 10 के ड्रापबाक्स में लंबित छात्र-छात्राओं के अभिलेखों की भी जांच करने को कहा गया है। विद्यालय स्तर पर उपलब्ध रिकार्ड के आधार पर जरूरी कार्रवाई पूरी कर ऐसे विद्यार्थियों का विवरण पोर्टल से हटाया जाएगा। यूपी बोर्ड और यू-डायस प्लस के छात्र डेटा का भी आपस में मिलान करना अनिवार्य किया गया है।
नाम, पहचान संबंधी विवरण, कक्षा और विद्यालय के नाम में अंतर मिलने पर मूल अभिलेखों के आधार पर तत्काल सुधार करना होगा। विभाग का मानना है कि दोनों पोर्टल पर विद्यार्थियों का एक समान और शुद्ध विवरण होना जरूरी है।
आंकड़ों में अंतर रहने से नामांकन और शैक्षणिक अभिलेखों की विश्वसनीयता प्रभावित होती है। इसी को देखते हुए विद्यालयों को निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
यू-डायस प्लस और यूपी बोर्ड के आंकड़ों में एकरूपता बनाए रखना जरूरी है। विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि बिना मूल अभिलेखों का सत्यापन किए किसी विद्यार्थी का विवरण न हटाएं। डुप्लीकेट प्रविष्टियों, ड्रापबाक्स में लंबित मामलों और दोनों पोर्टल के आंकड़ों में अंतर को विद्यालय स्तर पर जांचकर दुरुस्त किया जाए। निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई पूरी करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। -सतीश सिंह, संयुक्त शिक्षा निदेशक, सप्तम मंडल, गोरखपुर।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।