जन विश्वास अधिनियम: उड़ा रहे थे धुआं के छल्ले, RPF ने वसूला 46 हजार जुर्माना
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गोरखपुर में 23 यात्रियों को धूम्रपान करते पकड़ा और उन पर 46 हजार रुपये का ...और पढ़ें

AI Image
HighLights
गोरखपुर में 23 यात्रियों पर धूम्रपान के लिए 46 हजार जुर्माना।
आरपीएफ छोटे अपराधों पर जन विश्वास अधिनियम के तहत पेनाल्टी लगा रही।
तीन माह में 6438 यात्रियों से 50.37 लाख रुपये का जुर्माना वसूला।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में 23 यात्री धुआं के छल्ले उड़ा (धूमपान) रहे थे। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने विभिन्न तिथियों में पकड़े गए इन यात्रियों को न सिर्फ जागरूक किया, बल्कि मौके पर ही कानून तोड़ने के आरोप में प्रति व्यक्ति दो हजार रुपये के हिसाब से 46 हजार रुपये जुर्माना लगा दिया। रेलवे सुरक्षा बल स्टेशनों और ट्रेनों में अब छोटे अपराधों पर जेल नहीं भेज रहा, बल्कि मौके पर ही पेनाल्टी लगा दे रहा है।
संशोधित जन विश्वास अधिनियम के अंतर्गत लखनऊ मंडल की आरपीएफ टीम ने गोरखपुर जंक्शन समेत विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में तीन माह में लगभग 6438 यात्रियों पर 50 लाख 37 हजार रुपये का जुर्माना लगा चुका है। जिसे पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल स्थित कोष में जमा करा दिया गया है।
रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देश पर पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में 19 जून, 2026 से संशोधित जन विश्वास अधिनियम लागू हैं। संशोधित जन विश्वास अधिनियम के तहत रेलवे बोर्ड ने छोटे अपराधों पर पेनाल्टी का भी निर्धारण सुनिश्चित कर दिया है। अब किसी भी अपराध पर कम से कम 500 रुपये का जुर्माना लग रहा है।
लखनऊ मंडल में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त अरुण त्रिपाठी के निर्देशन में आरपीएफ टीम छह धाराओं में पेनाल्टी लगा रही है। रेलवे परिसर में अनधिकृत प्रवेश, अवैध वेंडिंग, धूमपान व गंदगी फैलाने को लेकर बने कानूनों के उल्लंघन पर अब आरपीएफ सीधे जुर्माना लगा रहा है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर से सियालदह के बीच 14 फेरा में चलेगी पूजा स्पेशल, रेलवे ने जारी किया शेड्यूल
इन पर जुर्माना (रुपये में)
- 500- अनधिकृत प्रवेश और रेल लाइन पार करने पर
- 2000 - रेलवे स्टेशन व ट्रेनों में अवैध वेंडिंग करने पर
- 2500- महिला बोगियों में अनधिकृत यात्रा करने पर
- 2000- स्टेशन परिसर में धूमपान करने पर
- 1000- स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने पर
- 500- स्टेशन परिसर में अवैध पार्किंग पर।
यह भी पढ़ें- पूर्वोत्तर रेलवे में 607.7 किलोमीटर रूट पर 'कवच' 4.0 लगाने के लिए 252 करोड़ मंजूर, रुकेंगे हादसे
