गोरखपुर में 72 घंटे बाद भी हुड़दंगई करने वाले गिरफ्तार नहीं, नाराज लोग लगा रहे उच्चाधिकारियों पर आरोप
Gorakhpur Hindi News गोरखपुर जिले के गोला क्षेत्र में उपद्रियों ने पुलिस की मौजूदगी में मोटरसाइकिल और साइकिल फूंक दिया था। घटना के बाद एसएसपी ने थानेदार को निलंबित कर दिया था। इसके बाद भी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गोरखपुर जिले में उपद्रवियों की 72 घंटे बाद भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। गोला थाने के नरायनपुर खुर्द में शनिवार की आपत्तिजनक गाने का विरोध करने पर मनबढ़ों ने तीन व्यक्तियों को बेरहमी से पीटा था। घटना में थानेदार की बड़ी लापरवाही मानते हुए एसएसपी ने उन्हें निलंबित कर दिया था। बावजूद इसके आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। गांव में पुलिस व पीएसी के जवान तैनात हैं, लेकिन तनाव बरकरार है। दूसरी ओर इस घटना में घायलों का इलाज मेडिकल कालेज में चल रहा है।
ये है मामला: घटना को लेकर गांव तथा क्षेत्र के लोगों में खासा आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोग इंटरनेट मीडिया पर पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों पर खुलेआम पक्षपात करने का आरोप लगा रहे हैं और घटना में एकतरफा कार्यवाही बता रहे हैं। लोग उच्चाधिकारियों पर कार्यवाही की मांग कर रहे हैं।
फरार हैं गांव के युवा: इस घटना के बाद दोनों टोलों के युवा फरार हैं। गांव में केवल बुजुर्ग, महिलाएं व बच्चें ही रह रहे हैं। गांव में रिश्तेदार भी आने- जाने से कतरा रहे हैं। कई घरों में शादियां होने वाली हैं। जिसकी तैयारी को लेकर गांव के लोग परेशान हैं। उन्हें फिर दोबारा ऐसी घटनाओं के घटित होने का भी भय है।
क्या थी घटना: शनिवार की रात नरायनपुर खुर्द की अनुसूचित बस्ती में सफाईकर्मी अवधेश के घर बारात आई थी। इसमें आपत्तिजनक गाना बजाने का विरोध करने पर करीब 100- 150 लोगों ने गांव के लोगों पर हमला कर दिया। इसमें तीन लोगों को चोटें आईं। तीनों की स्थिति अभी भी गंभीर है।
गोला के सीओ जगतराम ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर लग रहे आरोप निराधार हैं। मैं घटना के समय मुख्यमंत्री जी के ड्यूटी में था। मुकदमा दोनों पक्षों का लिखा गया है।
वाहन दुर्घटना में अधेड़ की मौत: वाहन दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वह 53 वर्ष का था। घटना पिपराइच थाने के ग्राम बेलवा नहर चौराहे की है। मृतक मेंहदी पिपराइच थाने के जंगल सुभानअली के साईं टोले का निवासी था। उसकी पत्नी ने थाने में तहरीर देकर कहा है कि बाइक सवार दो युवकों ने उसके पति को बेलवा नहर चौराहे पर ठोकर मार दिया। इससे मेंहदी गंभीर रूप से घायल हो गया। पिपराइच के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। वहां उसकी मौत हो गई। बाइक पुलिस के कब्जे में है। चालक मौके से भाग निकला।