गोरखपुर निबंधन कार्यालय में समस्याओं की हकीकत जांचेगी अधिकारियों की समिति, इस वजह से बढ़ी परेशानी
गोरखपुर निबंधन कार्यालय में पिछले दिनों अनियमितता पाए जाने पर कुछ अधिकारियों पर कार्रवाई की गई थी। इस दौरान निजी कर्मचारियों के हटने के बाद समस्याएं बढ़ गई हैं। ऐसे में मेडिकल बोर्ड अवकाश पर गए कर्मचारियों के स्वास्थ्य का परीक्षण करेगा।
गोरखपुर, जागरण टीम। गोरखपुर निबंधन कार्यालय पर अनियमितता में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर हुई कार्रवाई के बाद वहां समस्या बढ़ गई है। निबंधन के अधिकारियों के मुताबिक निजी कर्मियों को हटा दिया गया है, जिससे काम मुश्किल से हो रहा है। कुछ स्थायी कर्मचारी अवकाश पर हैं। इस बीच कई जरूरी काम प्रभावित होने की शिकायत जिलाधिकारी से की जा रही थी। जिलाधिकारी विजय किरन आनंद ने निबंधन कार्यालय में समस्याओं की हकीकत जांचने के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया है। इसमें ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सदर कुलदीप मीणा एवं मुख्य कोषाधिकारी भी शामिल हैं।
यह समिति निबंधन कार्यालय की पूरी कार्यप्रणाली खंगालेगी। काम में आ रही दिक्कतों का पता भी लगाएगी। जो कर्मचारी खराब स्वास्थ्य के नाम पर पिछले कुछ दिनों पर अवकाश पर हैं, उनके स्वास्थ्य का परीक्षण मेडिकल बोर्ड से कराया जाएगा। समिति के सदस्य बैनामा कराने वाले लोगों से बातचीत करेगी। अधिवक्ताओं से भी रिकार्ड रूम एवं रजिस्ट्री की डीड आदि को लेकर चर्चा की जाएगी। सभी बिन्दुओं पर जांच के बाद टीम जिलाधिकारी को रिपोर्ट सौंप देगी।
जिलाधिकारी ने कराया था स्टिंग आपरेशन: जिलाधिकारी ने निबंधन विभाग एवं आरटीओ कार्यालय की लगातार शिकायतें मिलने पर स्टिंग आपरेशन कराया था। इसमें अनियमितता की पुष्टि हुई थी। सदर तहसील के जोन दो के उपनिबंधक केके तिवारी सहित 12 लोगों पर एफआइआर भी दर्ज हुई थी। तीन लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं और शेष फरार हैं। इस कार्रवाई के बाद निबंधन कार्यालय सहित विभिन्न कार्यालयों से निजी कर्मचारी गायब हैं। निबंधन कार्यालय से लगातार समस्याओं की बात सामने आ रही है।
शिकायत के लिए जारी किया हेल्प लाइन नंबर: निबंधन कार्यालय में लोगों की सुविधा के लिए अधिकारियों के नंबर अंकित कराए गए हैं। निबंधन कार्यालय में किसी प्रकार की समस्या होने पर आवेदक इन नंबरों पर सूचना दे सकते हैं।
इन नंबरों पर कर सकते हैं शिकायत
- अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)- 9454417615
- उप महानिरीक्षक निबंधन- 9412529709
- सहायक महानिरीक्षक निबंधन- 9450919121
- उप निबंधक प्रथम- 9450678989
- उप निबंधक द्वितीय- 9450555587