विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में बनकर तैयार होगा ताल रिंग रोड, देवरिया बाईपास और मोहद्दीपुर जाना होगा आसान

Published: Sat, 24 Oct 2026 08:12 PM (IST)

गोरखपुर में रामगढ़ताल रिंग रोड का निर्माण तेजी से चल रहा है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था सुधरेगी और देवरिया बाईपास व मोहद्दीपुर जैसे स्थानों तक पहुंच आसान होगी।

10 नवंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा रामगढ़ताल रिंग रोड।

10 नवंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा रामगढ़ताल रिंग रोड।

HighLights

  1. रामगढ़ताल रिंग रोड से यातायात व्यवस्था में सुधार।

  2. देवरिया बाईपास, मोहद्दीपुर तक पहुंच होगी आसान।

  3. नवंबर में मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पण प्रस्तावित, कार्य तेज।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रामगढ़ताल की खूबसूरती बढ़ाने के साथ ही ताल रिंग रोड शहर की यातायात व्यवस्था को भी नई रफ्तार देगी। सहारा एस्टेट से आरकेबीके तक बन रही सड़क से महादेव झारखंडी, कुसम्ही और मोहद्दीपुर की ओर से देवरिया बाईपास जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्हें गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।

इसी तरह देवरिया बाईपास और सहारा एस्टेट की ओर से मोहद्दीपुर जाने वालों का रास्ता भी आसान होगा। दूरी और समय की बचत के साथ ही प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करने और जाम से राहत दिलाने में भी यह सड़क अहम भूमिका निभाएगी।

गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने शनिवार को निर्माणाधीन ताल रिंग रोड का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। सड़क का लोकार्पण नवंबर में मुख्यमंत्री के हाथों प्रस्तावित है। ऐसे में प्राधिकरण निर्माण कार्यों में तेजी लाने में जुटा है। 15 नवंबर तक इसे पूरा करने का लक्ष्य है।

10 नवंबर तक फुटपाथ और रेलिंग का काम पूरा करने का लक्ष्य

सहारा एस्टेट से आरकेबीके तक बन रही ताल रिंग रोड पर डब्ल्यूएमएम (वेट मिक्स मैकडम) स्तर तक सड़क का काम पूरा हो चुका है। ईटीए का 41 प्रतिशत, रेलिंग का 90 प्रतिशत और फुटपाथ का 60 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। प्राधिकरण ने 10 नवंबर तक फुटपाथ और रेलिंग का काम पूरा करने के साथ सड़क पर डीबीएम (डेंस बिटुमिनस मैकडम) की परत बिछाने का लक्ष्य रखा है।

इस सड़क के तैयार होने से रामगढ़ताल के आसपास आवागमन अधिक सुगम होगा। अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अनावश्यक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे ईंधन और समय की बचत होगी।

साथ ही, मौजूदा मार्गों पर वाहनों का दबाव कम होने से जाम की समस्या में भी राहत मिलने की उम्मीद है। सड़क के किनारे फुटपाथ और रेलिंग बनने से मार्ग को व्यवस्थित स्वरूप मिलेगा और ताल क्षेत्र की सुंदरता भी निखरेगी।

गुरुकुल सिटी में सुनियोजित विकास पर जोर

ताल रिंग रोड के निरीक्षण के बाद जीडीए उपाध्यक्ष ने मानीराम में विकसित की जा रही गुरुकुल सिटी योजना के लिए अधिग्रहित भूमि और वहां चल रहे कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को योजना में सुनियोजित विकास और लैंडस्केपिंग का काम प्राधिकरण के मानकों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता किशन सिंह, विशेष कार्याधिकारी संजीव कुमार दीक्षित, अधिशासी अभियंता राकेश प्रताप, नगर नियोजक हितेश कुमार, प्राधिकरण के तहसीलदार और अन्य अभियंता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर के इंदिरा बाल विहार में बनेगा नया शॉपिंग कांप्लेक्स, 80 गाड़ियों के लिए होगी अंडरग्राउंड पार्किंग