Gorakhpur Weather News: रात भर जमकर बरसे बादल, पारा 25 डिग्री के नीचे आया
गुरुवार रात जिले में जमकर बारिश हुई। झमाझम बारिश का यह सिलसिला सुबह भी जारी है। जबकि गुरुवार दिन में बादल उमड़ते-घुमड़ते रहे और रुक-रुककर बूंदा-बांदी होती रही। पिछले 24 घंटे में 98 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। इस सितंबर माह में यह एक दिन की सर्वाधिक बारिश है।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गुरुवार रात जमकर बारिश हुई है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि जिले के आधे से अधिक स्थानों पर शुक्रवार को हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। नमी 70 से करीब 90 फीसद रह सकती है। बता दें सितंबर माह में अब तक औसत के सापेक्ष अब तक करीब 64 फीसद बारिश हो चुकी है। सितंबर माह में अभी 13 दिन शेष हैं। ऐसे में उम्मीद है कि इस बार भी सितंबर में औसत के करीब वर्षा हो सकती है।
24 घंटे में 98 मिलीमीटर बारिश
गुरुवार रात जिले में जमकर बारिश हुई। झमाझम बारिश का यह सिलसिला सुबह भी जारी है। जबकि गुरुवार दिन में बादल उमड़ते-घुमड़ते रहे और रुक-रुककर बूंदा-बांदी होती रही। पिछले 24 घंटे में 98 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। इस सितंबर माह में यह एक दिन की सर्वाधिक बारिश है।
27 सितंबर 2019 को एक दिन में हुई थी 119.1 मिलीमीटर बारिश
इससे पहले 27 सितंबर 2019 को एक दिन में 119.1 मिलीमीटर बारिश हुई थी। बादल अभी भी आसमान में छाये हुए हैं। सितंबर माह की औसत वर्षा 228.8 मिलीमीटर है। मौसम विभाग के मुताबिक इस बार मानसून की वापसी देर से होने का पूर्वानुमान है।
गोरखपुर के आधे से अधिक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के आसार
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पाण्डेय का कहना है कि शुक्रवार को जिले में आधे से अधिक जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। हवा उत्तर से पूर्व दिशा की तरफ चल सकती है। नमी 70 से 94 फीसद के बीच रह सकता है।
30 से 31 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा अधिकतम तापमान
अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है और न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है। बता दें गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता 90 से 96 फीसद के बीच रही।