यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 03, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Gorakhpur Railway Station: यात्रियों की दुश्वारी बढ़ा रहीं टूटी सड़कें और जलभराव, आए दिन गिरकर घायल हो रहे लोग
Gorakhpur Railway Station रेलवे स्टेशन गेट नंबर दो के अंदर मेन होल आधा खुला है जिसमें यात्रियों का पैर कई ...और पढ़ें

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। Gorakhpur Railway Station News: गोरखपुर रेलवे स्टेशन परिसर में टूटी सड़कें, काऊ कैचर व आधा खुला मेनहोल यात्रियों की दुश्वारियां बढ़ा रहा है। साथ ही जगह-जगह जलभराव भी मुसीबतें खड़ी कर रहा है। यात्री परेशान हैं। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि आए दिन लोग यहां गिरकर घायल हो जाते हैं। रेलवे प्रशासन का ध्यान इन दुश्वारियों की तरफ नहीं है।
ट्रेन पकड़ने की जल्दीबाजी में भागते समय फंस जाते हैं लोग
गेट नंबर दो से अंदर घुसते ही मेनहोल आधा खुला हुआ है। उस पर लोहे की चादर डाली गई है, जिसमें एक तरफ का हिस्सा जंग लगकर लगभग सड़ चुका है। ट्रेन पकड़ने की जल्दी में भागते-दौड़ते लोगों का पैर उसमें फंस जाता है और वे चोटिल हो जाते हैं। इसी सड़क की दूसरी लेन पर जल भराव है। पूरी सड़क टूटी हुई है। वीआइपी गेट के सामने सड़क खराब हो गई है। जगह-जगह छोटे-छोटे गड्ढे हो गए हैं, उनमें पानी भरा हुआ है। यात्रियों को उनके बीच से गुजरकर प्लेटफार्म पर जाना पड़ता है। गेट नंबर पांच के ठीक नीचे जलभराव है। सड़क पूरी तरह खराब हो गई है। साथ ही काऊ कैचर टूट हुआ है और उसके नीचे लगा रेल की पटरी का टुकड़ा ऊपर की ओर उठ गया है। उससे लोगों के पैरों में चोट लग जाती है। पैर कट जाता है। अनेक यात्रियों का पैर काऊ कैचर में फंस जाता है और वे गिर जाते हैं। आसपास के लोग बताते हैं कि यह स्थिति काफी दिनों से है। कुछ दिन पहले अधिकारी आए थे, देखकर चले गए। लेकिन इसे ठीक नहीं कराया गया।
क्या कहते हैं लोग
- राजेश राय ने कहा कि यहां मेन होल काफी दिनों से इसी तरह है। अनेक यात्री इसमें गिरकर घायल हो जाते हैं। वाहन अक्सर इसमें फंस जाते हैं।
- शुभम ने कहा कि हल्की वर्षा में भी गेट नंबर दो के अंदर जलभराव हो जाता है। सड़क काफी दिनों से टूटी हुई है। लेकिन अभी तक इसे बनाया नहीं गया।
- लाल बाबू ने कहा कि गेट नंबर चार व बीआइपी गेट के बीच की सड़क पूरी तरह खराब हो गई है। हल्की वर्षा में भी यहां जलभराव हो जाता है। लोग परेशान होते हैं।
- मोहन ने कहा कि गेट नंबर पांच पर काऊ कैचर काफी दिन से टूटा हुआ है। उसके नीचे का लोहा ऊपर की तरफ आ गया है। इसमें लोगों के पैर फंस जाते हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने कहा कि यात्रियों की सुविधाओं को लेकर रेलवे बहुत ही संवेदनशील है और इसमें सुधार के लिए सतत प्रयास किया जा रहा है। मंडल स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के ग्रुप (एसआइजी) द्वारा सभी महत्वपूर्ण स्टेशनों का निरीक्षण निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाता है। तीन दिन पूर्व ही अपर मंडल रेल प्रबंधक के नेतृत्व में गोरखपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया गया है। जो भी कमियां पाई गई हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाएगा।
