विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में रेलवे कॉलोनियों में भी बिछेगी PNG पाइपलाइन, सिलिंडर के झंझट से मिलेगा छुटकारा

Published: Thu, 24 Sep 2026 10:26 PM (IST)

गोरखपुर में रेलकर्मियों और उनके स्वजनों के लिए राहत भरी खबर है, अब रेलवे कॉलोनियों में रसोई गैस के लिए पीएनजी पाइपलाइन बिछाई जाएगी।

रेलवे कॉलोनियों में भी बिछेगी रसाेई गैस की पाइप लाइन।

रेलवे कॉलोनियों में भी बिछेगी रसाेई गैस की पाइप लाइन।

HighLights

  1. गोरखपुर रेलवे कॉलोनियों में बिछेगी रसोई गैस की पीएनजी पाइपलाइन।

  2. रेलवे बोर्ड ने पीएनजी कनेक्शन के लिए आकलन प्रक्रिया तेज की।

  3. एलपीजी पर निर्भरता घटाने और पाइपलाइन गैस आपूर्ति का लक्ष्य।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रेलकर्मियों व उनके स्वजन के लिए राहत भरी खबर है। अब रेलवे कॉलोनियों में भी रसोई गैस की पाइप लाइन बिछेगी। रेलवे बोर्ड ने रेलवे कॉलोनियों में रसोई गैस के लिए पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन उपलब्ध कराने की कवायद तेज कर दी है।

इसके लिए बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे और प्रोडक्शन यूनिट को अपने क्षेत्र की रेलवे कॉलोनियों का दोबारा आकलन कर यह बताने को कहा है कि किन कॉलोनियों में अधिकृत सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) संस्था के माध्यम से पीएनजी कनेक्शन दिया जा सकता है। इसके साथ ही संबंधित कॉलोनियों में पीएनजी कनेक्शन लेने योग्य घरों की वास्तविक संख्या और कालोनी की लोकेशन भी दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

रेलवे बोर्ड की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि रेलवे कॉलोनियों के अलावा वर्कशाप और यूनिट में एलपीजी की जरूरत की भी समीक्षा की जाए। जहां संभव हो, वहां एलपीजी के स्थान पर पीएनजी की व्यवस्था करने के लिए निश्चित समय-सीमा में कार्रवाई की जाए।

रेलवे बोर्ड के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के संयुक्त सचिव के साथ रेलवे बोर्ड कार्यालय में बैठक हुई थी। बैठक में रेलवे से पीएनजी कनेक्शन की संभावनाओं वाली कॉलोनियों की जानकारी अक्षांश-देशांतर और आवश्यक कनेक्शनों की संख्या के साथ उपलब्ध कराने को कहा गया।

इसके आधार पर मंत्रालय से संबंधित क्षेत्र में काम करने वाली अधिकृत सीजीडी संस्था की मैपिंग करेगा। इससे यह पता लगाया जा सकेगा कि किस रेलवे कालोनी में किस गैस वितरण संस्था के माध्यम से पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराया जा सकता है। रेलवे बोर्ड ने इस काम के लिए पहले ही जोनल रेलवे और प्रोडक्शन यूनिट को गूगल शीट उपलब्ध कराई थी।

इस कवायद से रेलवे की आवासीय कॉलोनियों में एलपीजी पर निर्भरता कम करने और उपलब्ध होने की स्थिति में पाइप्ड गैस आपूर्ति की दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। हालांकि, किसी कालोनी में पीएनजी कनेक्शन की वास्तविक उपलब्धता संबंधित क्षेत्र में गैस पाइपलाइन नेटवर्क और अधिकृत सीजीडी संस्था की पहुंच पर निर्भर करेगी।

यह भी पढ़ें- यूपी-बिहार बॉर्डर पर 12 एकड़ में बन रहा बस टर्मिनल, प्रोजेक्ट के लिए 49 करोड़ जारी; 3 राज्यों का सफर होगा आसान