Gorakhpur Fire: भोर तक सुलगते रहे कपड़ों के गट्ठर, नवरात्र का पूरा स्टाक राख
गोरखपुर के रायगंज में मंगलवार शाम कपड़े के गोदाम में भीषण आग लग गई, जिससे नवरात्र के लिए रखा सारा ...और पढ़ें

बिजली कटने की वजह से दुकानदार के परिवार ने पड़ोसी के घर ली शरण
HighLights
रायगंज के कपड़े गोदाम में भीषण आग लगी।
नवरात्र के लिए रखा सारा स्टॉक जलकर राख।
शॉर्ट सर्किट को आग का प्रारंभिक कारण माना गया।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रायगंज में मंगलवार की शाम कपड़े के गोदाम में लगी भीषण आग के बाद बुधवार को भी पूरे इलाके में घटना की चर्चा होती रही। दमकल की करीब 25 गाड़ियों ने पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
बुधवार की भोर में चार बजे तक कई जगहों पर कपड़ों के गट्ठर सुलगते मिले, जिन्हें दमकल कर्मियों ने दोबारा पानी डालकर बुझाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शार्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
रायगंज में अविनाश गुप्ता और उनके चचेरे भाई अमित गुप्ता की निष्ठा ट्रेडर्स नाम से कपड़े की दुकान व गोदाम है। मंगलवार की शाम अचानक गोदाम में आग लग गई थी, जिसने देखते ही देखते पूरे स्टाक को अपनी चपेट में ले लिया। दुकानदारों का कहना है कि नवरात्र को देखते हुए बड़ी मात्रा में चुनरी, पताका और गमछा मंगवाया गया था।
कपड़े और गत्ते के पैकेट अधिक होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और पूरा स्टाक जलकर राख हो गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। आग बुझने के बाद भी गोदाम और मकान के भीतर देर रात तक कपड़ों के गट्ठर सुलगते रहे। आग लगने के बाद मंगलवार की शाम को ही मकान की बिजली काट दी गई है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में संदिग्ध परिस्थिति में फंदे से लटकता मिला चीनी मिल के कर्मचारी का शव, जांच में जुटी पुलिस
आग की तपिश से दीवारें अभी भी गर्म हैं और कई जगह दरारें भी पड़ गई हैं। घटना के बाद दोनों भाइयों के परिवार को पड़ोसियों के घर शरण लेना पड़ा है। वहीं राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी है, जबकि अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते दमकल की टीमें नहीं पहुंचतीं तो आग आसपास के मकानों तक भी फैल सकती थी।
