गोरखपुर में संदिग्ध परिस्थिति में फंदे से लटकता मिला चीनी मिल के कर्मचारी का शव, जांच में जुटी पुलिस
गोरखपुर के पिपराइच चीनी मिल परिसर में एक कर्मचारी मिथिलेश यादव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। एक महिला ने दूसरे कर्मचारी को इसकी सूचना दी थी।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
पिपराइच चीनी मिल कर्मचारी का शव फंदे से मिला।
एक महिला ने दी थी फंदे पर लटकने की सूचना।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी।
संवाद सूत्र, पिपराइच, (गोरखपुर)। संदिग्ध परिस्थिति में चीनी मिल के एक कर्मचारी का शव फंदे से लटका मिला। यह मामला पिपराइच चीनी मिल परिसर का है। मिल प्रबंधन की सूचना पर फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोप है कि एक महिला ने मिल परिसर में मौजूद कर्मियों को युवक के फंदे पर लटकने की सूचना दी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी मिथिलेश यादव पिपराइच चीनी मिल में बायलर पर कार्यरत थे। मंगलवार की रात 10 बजे ड्यूटी खत्म कर मिल परिसर स्थित 32 लाइन क्वार्टर में गए थे। रात करीब डेढ़ बजे किसी महिला ने बगल में रहने वाले कर्मचारी मनोहर को फोन कर बताया कि मिथिलेश यादव खुदकुशी करने जा रहे हैं, उन्हें बचा लिया जाए।
इसके बाद मनोहर तत्काल उनके कमरे पर पहुंचे तो देखा कि मिथिलेश का शव छत में लगे पंखे में चादर के सहारे लटक रहा था। इसकी सूचना जीएम नवदीप शुक्ला को अवगत कराया गया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह भी पढ़ें- 'जीजा ने साली की हत्या कर दी है'... अनजान फोन कॉल से मचा हड़कंप, मौके पर पहुंची पुलिस तो मामला जान रह गई दंग
घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे पिता मिश्री यादव ने बताया कि मिथिलेश दो बच्चों के पिता थे। एसएसआइ अनीश कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी। किस महिला ने फोन किया था, उसके बारे में भी पता लगाया जा रहा है।
