विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर पुलिस हिरासत में अंडा कारोबारी की मौत का आरोप, स्वजनों ने कहा- पिटाई से गई जान

Published: Wed, 16 Sep 2026 03:41 PM (IST)

गोरखपुर में खजनी थाने से सटे बांसगांव मार्ग पर अंडा-लिट्टी बेचने वाले अर्जुन यादव की बीआरडी मेडिकल कॉलेज में मौत ...और पढ़ें

HighLights

  1. अर्जुन यादव की बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत।

  2. स्वजनों का आरोप, पुलिस हिरासत में पिटाई से हुई मौत।

  3. पुलिस का दावा, मिर्गी के दौरे से गिरने पर लगी चोट।

संवाद सूत्र, उरुवा बाजार, (गोरखपुर)। खजनी थाने से सटे बांसगांव मार्ग पर अंडा-लिट्टी की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले 46 वर्षीय अर्जुन यादव की मंगलवार देर रात बीआरडी मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। स्वजन का आरोप है कि खजनी पुलिस हिरासत में पिटाई से युवक को गंभीर चोट आई और मेडिकल में भर्ती कराया गया। जबकि पुलिस का कहना है कि अर्जुन को मिर्गी का दौरा पड़ता था और गिरने से सिर में गंभीर चोट लगी थी।

स्वजन के अनुसार, 13 सितंबर की रात चोरी की साइकिल खरीदने के आरोप में पुलिस अर्जुन को थाने ले गई थी। आरोप है कि हिरासत में उसके साथ मारपीट की गई। अगले दिन 14 सितंबर को उसे शांतिभंग की आशंका में धारा 151 के तहत चालान के लिए खजनी तहसील ले जाया गया। तहसील के पास दुबे मेडिकल स्टोर के समीप अचानक अर्जुन बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे हरनहीं सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।

देर रात तबीयत बिगड़ने पर सरकारी एंबुलेंस सेअर्जुन को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बीआरडी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। मंगलवार देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

अर्जुन की बेटी मुस्कान ने पुलिस हिरासत में पिता के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पत्नी सरस्वती और बेटियां 17 वर्षीय पायल व 15 वर्षीय मुस्कान का रो-रोकर बुरा हाल है। करीब 20 वर्ष पहले पिता सतई यादव की मौत के बाद अर्जुन ही परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा था।

यह भी पढ़ें- प्लास से नोचे कान, पैरों पर मारा हथौड़ा... गोरखपुर के स्कूल में शिक्षक ने मासूमों के साथ की बर्बरता

क्षेत्राधिकारी खजनी दीपांशी राठौर ने बताया कि अर्जुन को मिर्गी का दौरा आता था। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। घटना से संबंधित सीसी कैमरे का फुटेज साक्ष्य भी मौजूद है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस मामले की निगरानी कर रही है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में बैंककर्मी बनकर शिक्षक से 72.80 लाख की ठगी, गरिमा सिंह पर दसवां मुकदमा