प्लास से नोचे कान, पैरों पर मारा हथौड़ा... गोरखपुर के स्कूल में शिक्षक ने मासूमों के साथ की बर्बरता
गोरखपुर के सहजनवा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय भदरखी में एक शिक्षक पर छात्रों को प्लास और हथौड़े से पीटने का आरोप लगा है।

बच्चे के काम पर चोट के निशान
HighLights
शिक्षक पर छात्रों को प्लास और हथौड़े से पीटने का आरोप।
अभिभावकों और ग्रामीणों ने विद्यालय में किया विरोध प्रदर्शन।
आरोपी शिक्षक के तत्काल निलंबन की मांग की गई।
संवाद सूत्र, गोरखपुर। सहजनवा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय भदरखी में विद्यार्थियों से कथित मारपीट का आरोप शिक्षक पर लगा है। आरोप है कि मंगलवार को एक शिक्षक ने कई बच्चों की पिटाई की।
इस दौरान कुछ विद्यार्थियों के कान प्लास से नोचने तथा पैर पर हथौड़े से चोट पहुंचाने की बात कही गई है। नाराज स्वजनों और ग्रामीणों ने बुधवार को विद्यालय पहुंच प्रदर्शन किया। आरोपित के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की मांग किए।
अभिभावक अमरजीत ने बताया कि बेटे संजय कक्षा चार और सत्यवान कक्षा पांच में पढ़ते हैं। मंगलवार को घर लौटने पर बच्चों के कान व पैर में चोट देखकर पूछताछ की। बच्चों ने शिक्षक पर मारपीट का आरोप लगाया।
कृष्ण पुत्र चंदन और दीपक पुत्र मीना, दोनों कक्षा तीन, तथा संजीत पुत्र मोहित को भी चोट लगने की बात कही गई है। स्वजनों का कहना है कि घटना की जानकारी मिलने तक विद्यालय बंद हो चुका था।
अगले दिन सुबह स्कूल खुलने पर ग्रामीण वहां पहुंच गए। बच्चों की सुरक्षा को लेकर नाराजगी जताई और शिक्षक को निलंबित कर जांच की मांग की।
खंड शिक्षा अधिकारी यज्ञ नारायण वर्मा ने बताया कि अभी शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन में सोनू, प्रदीप, रामू, अमरदीप, योगेंद्र, रीना, वंदना, पुष्पा व बसंती आदि शामिल रहे।
चोट देख सहम गए स्वजन
स्कूल से लौटे बच्चों के कान और पैर में चोट देखकर परिवार के लोग परेशान हो गए। बच्चों से बातचीत के बाद घटना की जानकारी हुई। अभिभावकों का कहना है कि पढ़ने गए बच्चों के साथ मारपीट की शिकायत गंभीर है। जांच में विद्यार्थियों का पक्ष भी सुना जाना चाहिए।
