Gorakhpur News: दारोगा की बेटी से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार, दिल्ली में भी दर्ज है किशोरी के अपहरण का केस
पिपराइच के एक गांव की रहने वाली महिला दिल्ली पुलिस में तैनात हैं। उनकी बेटी को आरोपित ने फरवरी में दिल्ली से भगाकर लाया था जिसके बाद उस पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया। इधर 19 अप्रैल को आरोपित ने कोशिरी के साथ हैवानियत की।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। दिल्ली पुलिस की महिला दारोगा की नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के आरोपित को पिपराइच पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इससे पूर्व दिल्ली में उस पर किशोरी के अपहरण का मुकदमा दर्ज हुआ था।
यह था मामला
पिपराइच के एक गांव की रहने वाली महिला दिल्ली पुलिस में दारोगा हैं। वह दिल्ली में परिवार सहित रहती हैं। फरवरी में उनकी 15 साल की बेटी को पिपराइच थाना क्षेत्र के गंभीरपुर कम्हरिया गांव का रहने वाला अनूप यादव दिल्ली से भगा लाया। दारोगा ने दिल्ली में उसके विरुद्ध अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। इधर, किशोरी 19 अप्रैल को भाई का इलाज कराने एम्स गई थी। लौटते समय पिपराइच इलाके में एक जगह पर अनूप ने किशोरी से दुष्कर्म किया था। पुलिस उसके विरुद्ध दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट में केस दर्ज कर तलाश कर रही थी। रविवार को एसएसआइ सोनेंद्र सिंह, एसआइ जयप्रकाश यादव, नागेंद्र मणि और आरक्षी आशीष प्रजापति ने आरोपित अनूप यादव को गिरफ्तार कर लिया।
छात्रा से छेड़खानी के आरोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार
छात्रा से छेड़खानी के आरोपित को पिपराइच पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शनिवार की शाम परीक्षा देकर लौट रही छात्रा से उसने छेड़खानी की थी। पीड़ित छात्रा के पिता ने युवक पर शनिवार की रात मुकदमा दर्ज कराया था। उनका कहना था कि शाम पांच बजे बीए द्वितीय वर्ष की परीक्षा देकर बेटी लौट रही थी। रास्ते में सोनहा गांव के गनेश सिंह ने छेड़खानी की और हाथ पकड़कर बाइक पर बैठाने लगा था। बेटी के बताने पर गया तो वह पीछा करते हुए घर तक आया था। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पिपराइच पुलिस ने आरोपित गनेश सिंह को गिरफ्तार किया। न्यायालय से उसे जेल भेज दिया गया।