विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में बीआरडी मेडिकल कॉलेज से एक माह की नवजात गायब, माता-पिता के बयानों में उलझी पुलिस

Published: Mon, 26 Oct 2026 10:21 PM (IST)

गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज से एक माह की नवजात बच्ची गायब हो गई। पुलिस माता-पिता के विरोधाभासी बयानों के ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. बीआरडी मेडिकल कॉलेज से एक माह की नवजात गायब।

  2. मां और बच्ची कंगारू मदर केयर वॉर्ड से लापता।

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, माता-पिता से पूछताछ।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज से सोमवार को एक माह की नवजात बच्ची के गायब हो गई। बाल रोग चिकित्सा संस्थान के एनआईसीयू में भर्ती बच्ची की तबीयत में सुधार होने के बाद उसे फीडिंग के लिए कंगारू मदर केयर वॉर्ड में मां के पास भेजा गया था। करीब दो घंटे बाद डॉक्टर वॉर्ड में पहुंचे तो मां और बच्ची दोनों गायब मिले। कुछ देर बाद माता-पिता मेडिकल चौकी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

पूछताछ में दोनों के बयान में अलग-अलग बात सामने आई। मां का कहना है कि रुपये निकालने के दौरान उसने बच्ची को एक महिला को दिया था। दंपती की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी है। अस्पताल में लगे सीसी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। संतकबीरनगर जिले के बेलहर कला थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी राममनोहर की पत्नी रोशनी ने एक माह पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ऑपरेशन से बच्ची को जन्म दिया था।

बच्ची की तबीयत खराब होने पर 15 अक्टूबर को उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। यहां बाल सेवा संस्थान के एनआईसीयू में 500 नंबर बेड पर उसका उपचार चल रहा था। बच्ची की हालत में सुधार होने पर सोमवार सुबह 11:30 बजे उसे फीडिंग के लिए कंगारू मदर केयर वार्ड में मां को सौंपा गया था। दो घंटे बाद जूनियर डॉक्टर वॉर्ड का निरीक्षण करने पहुंचे तो मां और बच्ची वहां नहीं मिलीं। इस बीच जानकारी मिलने पर राममनोहर अस्पताल पहुंचा और पत्नी रोशनी के साथ मेडिकल चौकी पहुंचे और बच्ची के गायब होने की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और अस्पताल परिसर में लगे सीसी कैमरों की फुटेज के आधार पर बच्ची की तलाश शुरू कर दी। बच्ची के पिता राममनोहर के मुताबिक, घटना से पहले सुबह से ही पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह पत्नी की देखभाल के लिए आई अपनी साली को घर छोड़ने गया था। उस समय वॉर्ड में पत्नी बच्ची के साथ अकेली थी। दोपहर में फोन से बच्ची के गायब होने की जानकारी मिली।

वहीं, रोशनी का कहना है कि वह खाना खाने के लिए बच्ची को लेकर वॉर्ड से निकली थी। रुपये निकालने के लिए उसने पास खड़ी एक महिला को बच्ची संभालने के लिए दी थी। कुछ ही देर बाद महिला बच्ची को लेकर गायब हो गई। पुलिस दोनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। एसपी सिटी निमिष पाटील का कहना है कि सीसी कैमरों की फुटेज से बच्ची तलाश शुरू कर दी गई है। वॉर्ड में मौजूद अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में सीएम योगी करेंगे गोड़धोइया नाला परियोजना का लोकार्पण, जलभराव से मिलेगी मुक्ति