Gorakhpur News: दारोगा भर्ती परीक्षा में नकल करने वाले दो अभ्यर्थी गिरफ्तार, प्रमाण पत्र सत्यापन व शारीरिक परीक्षण में खुला राज
पकड़े गए दोनों आरोपित वाराणसी के रहने वाले हैं। मामले का चार कानपुर से भी जुड़ा है। क्योंकि आरोपितों ने दारोगा भर्ती की आनलाइन लिखित परीक्षा कानपुर के कंप्यूटर सेंटर पर दी थी। उनका कहना है कि पढ़ाई को दौरान मिला शख्स उन्हें कंप्यूटर सेंटर ले गया था।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। दारोगा भर्ती परीक्षा में नकल करने वाले दो अभ्यर्थियों को गोरखपुर की कैंट पुलिस ने शनिवार की सुबह गिरफ्तार किया। वाराणसी जिले के रहने वाले दोनों आरोपितों ने कानपुर के कंप्यूटर सेंटर पर लिखित परीक्षा दी थी। जहां दोनों ने अनुचित साधन का प्रयोग किया था।
ये है पूरा मामला: प्रभारी निरीक्षक कैंट शशिभूषण राय ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक और अनुसचिव पुलिस भर्ती बोर्ड हफीजुर रहमान ने 13 मई 2022 को वाराणसी के फूलपुर के काठीराव निवासी रोहित सरोज और बड़ागांव निवासी संतोष कुमार यादव जालसाजी, साजिश और 10 उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया था।
कानपुर में दी थी आनलाइन परीक्षा: दोनों आरोपितों ने दारोगा भर्ती की आनलाइन परीक्षा कानपुर के शुभ कंप्यूटर सेंटर पर दी थी। सेंटर संचालक व व्यवस्थापक की मदद से दोनों ने नकल कर भर्ती परीक्षा पास कर लिया था। 13 मई 2022 को दोनों को गोरखपुर पुलिस लाइन में प्रमाण पत्र सत्यापन और शारीरिक परीक्षा के लिए बुलाया गया था। जांच में नकल करने का प्रमाण मिलने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपितों ने बताई ये बड़ी बात: पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि कानपुर में पढ़ाई के दौरान उनकी मुलाकात मनोज पाल नामक एक व्यक्ति से हुई। जो उन्हें शुभ कंप्यूटर सेंटर ले गया। कंप्यूटर सेंटर के कर्मचारियों ने दारोगा भर्ती की लिखित परीक्षा पास कराने के लिए 20-20 हजार रुपये लिए थे। अब पुलिस कंप्यूटर सेंटर संचालक व उसके सहयोगियों की तलाश कर रह है।
काल डिटेल से खुलेगा राज: नकल करके दारोगा भर्ती परीक्षा पास करने वाले संतोष यादव व रोहित सरोज के काल डिटेल की पुलिस पड़ताल करेगी। अपर पुलिस अधीक्षक ने दोनों के काल डिटेल से दारोगा भर्ती परीक्षा में धांधली करने वाले गिरोह के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना जतायी है।कैंट पुलिस ने छानबीन शुरु कर दी है।