नाग पंचमी पर गोरखपुर में पसरा मातम, पुतली पीटने के दौरान पोखर में डूबने से हुई 3 मासूमों की मौत
गोरखपुर के बसगांव में नाग पंचमी पर दर्दनाक हादसा हो गया, जहां पुतली पीटने की रस्म के दौरान पोखर में ...और पढ़ें

पोखर में डूबे तीन मासूम।
HighLights
नाग पंचमी पर बसगांव में तीन बच्चे डूबे
पुतली पीटने की रस्म के दौरान हुआ हादसा
ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचाया, पर बचा नहीं पाए
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। नाग पंचमी के पर्व पर रविवार को बसगांव के बदौली बाबू गांव में दर्दनाक हादसे से खुशियां मातम में बदल गईं। पुतली पीटने की रस्म के दौरान पोखर में स्नान कर रहे तीन बच्चे गहरे पानी में डूब गए। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद तीनों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में 11 वर्षीय हरीश यादव, 14 वर्षीय सचिन और नौ वर्षीय अनुज शामिल हैं। ग्रामीणों के अनुसार, नाग पंचमी पर गांव के बच्चे पोखरे के पास पुतली पीटने की रस्म में शामिल थे। इसी दौरान कुछ बच्चे पोखरे में नहाने लगे। अचानक तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
बच्चों को डूबता देख मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विकास सिंह ने बच्चों को बचाने के लिए पोखर में उतरकर काफी देर तक तलाश की। ग्रामीणों की मदद से तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार सुशील कुमार भारतीय, नायब तहसीलदार राकेश शुक्ला, सीओ बसगांव अनुज कुमार सिंह, कस्बा चौकी प्रभारी विकास सिंह भदौरिया समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। बांसगांव विधायक डा. विमलेश पासवान ने भी पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
हरीश पुत्र राधेश्याम यादव परिवार का इकलौता बेटा था। वह कक्षा छह में पढ़ता था। उसके पिता दुबई में नौकरी करते हैं। सचिन पुत्र भजुराम कक्षा छह का छात्र था। उसके पिता सूरत में मजदूरी करते हैं। अनुज पुत्र सत्य प्रकाश कक्षा तीन में पढ़ता था। उसके पिता गुजरात में पेंट-पालिश का काम करते हैं। तीनों बच्चों की मौत से गांव में शोक की लहर है।
