गोरखपुर में सिलिंडर की आपूर्ति में अब 25 प्रतिशत कटौती, ग्राहकों का हंगामा और गैस संकट गहराया
तेल कंपनियों ने गोरखपुर में रसोई गैस सिलिंडर की आपूर्ति में 25% की कटौती की है, जिससे ग्राहकों को भारी ...और पढ़ें

रसोई गैस एजेंसियों के शोरूम पर केवाइसी और गोदाम पर सिलिंडर के लिए लग रही लाइन। जागरण
HighLights
तेल कंपनियों ने सिलिंडर आपूर्ति में 25% की कटौती की।
पीपीगंज में गैस वितरण को लेकर ग्राहकों ने हंगामा किया।
डिजिटल बुकिंग सर्वर तीन दिनों से ठप, ग्राहक परेशान।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रसोई गैस सिलिंडर की पर्याप्त आपूर्ति के प्रशासन के दावे के बीच तेल कंपनियों ने एजेंसी संचालकों का कोटा अब 25 प्रतिशत कम कर दिया है। यानी पिछले वर्ष जनवरी-फरवरी के मुकाबले एजेंसी संचालकों को 25 प्रतिशत कम सिलिंडर दिया जाएगा। इससे पहले 20 प्रतिशत की कटौती की गई थी।
मांग बढ़ने और आपूर्ति कम होने से एजेंसी की व्यवस्था पटरी से उतर गई है। एजेंसियों पर केवाइसी तो गोदाम पर सिलिंडर के लिए ग्राहकों की तड़के लाइन लग जा रही है। इस बीच पीपीगंज में आशीष इंडेन गैस सर्विस का गोदाम सील करने के बाद प्रशासन ने गुरुवार सुबह सिलिंडर वितरण की कोई व्यवस्था ही नहीं बनाई।
सिलिंडर लदा ट्रक पहुंचने के बाद गोदाम पर भीड़ लगी लेकिन कोई नहीं आया। ग्राहकों ने फिर हंगामा शुरू किया तो एसडीएम व क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। दोपहर बाद तीन बजे से सिलिंडर का वितरण शुरू किया गया। रात 8:30 बजे तक सिलिंडर का वितरण किया गया।
यह पहली बार है जब रसोई गैस सिलिंडर का वितरण रात में करना पड़ा। पीपीगंज संवाद सूत्र के अनुसार बुधवार को आशीष इंडेन गैस सर्विस का गोदाम सील होने के बाद ग्राहकों को सिलिंडर देने की व्यवस्था बनाने का दावा किया गया था। गुरुवार सुबह से ही एजेंसी के गोदाम पर लाइन लग गई।
इस बीच एक ट्रक 340 सिलिंडर भी आ गया लेकिन दोपहर तक अधिकारियों के न आने के कारण वितरण नहीं शुरू हो सका। इस पर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसकी जानकारी पर अधिकारी पहुंचे तो एजेंसी के मालिक पवन वर्मा का बेटा आशीष वर्मा भाग निकला। अधिकारियों की मौजूदगी में वितरण शुरू कराया गया।
सभी ने लगाए धांधली व मनमानी के आरोप
ग्राहकों ने कहा कि आशीष इंडेन गैस सर्विस की तरफ से सिलिंडर देने में हमेशा मनमानी की जाती है। धांधली भी खूब होती है। सिलिंडर खुलेआम ब्लैक किया जाता है। इससे जरूरतमंद ग्राहकों को दिक्कत होती है। विष्णु सहानी, रंजीत पाल, इश्हाक अली, राजमन, सुनीता, राजकपूर, मिथिलेश, चंद्रावती आदि ने कहा कि सिलिंडर न मिलने से बहुत समस्या खड़ी हो गई है।
सिलिंडर वितरण के दौरान उपजिलाधिकारी कैम्पियरगंज सिद्धार्थ पाठक, क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज अनुराग सिंह, कैम्पियरगंज तहसील के सप्लाई इंस्पेक्टर संजीत कुमार आदि मौजूद रहे। गगहा संवाद सूत्र के अनुसार सिलिंडर न मिलने के कारण कई घरों में लोगों को लकड़ी और ईंट के चूल्हे पर खाना बनाना पड़ रहा है। बच्चों के लिए स्कूल का लंच तैयार करने से लगायत चाय, नाश्ता बनाने में दिक्कत हो रही है।
यह भी पढ़ें- सिलिंडर ब्लैक करने वाला आशीष गैस सर्विस का मालिक भेजा गया जेल, एजेंसी का लाइसेंस होगा सस्पेंड
चरगांवा संवाद सूत्र के अनुसार शाहपुर इलाके के गीता वाटिका शाहपुर स्थित प्रज्ञा गैस सर्विस व पादरी बाजार-खजांची बाइपास रोड स्थित भारत गैस सर्विस के कार्यालय पर गुरुवार को सैकड़ों ग्राहक खाली सिलिंडर लेकर पहुंचे। यह घंटों इंतजार करते रहे लेकिन सिलिंडर नहीं मिलने से निराश होकर वापस लौट गए। सतीश, रिशू, अंकू, विनय, अजय सिंह, नंदिनी, सीमा देवी आदि ने बताया कि एक हफ्ते पहले गैस बुक किया था लेकिन हाकर ने सिलिंडर नहीं पहुंचाया।
उरुवा बाजार संवाद सूत्र के अनुसार, खजनी में स्थित मां दुर्गा भारत गैस एजेंसी पल्हीपार में घरेलू रसोई गैस सिलिंडर लेने के लिए ग्राहकों की लंबी कतार लग रही है। उप जिलाधिकारी खजनी राजेश प्रताप सिंह के निर्देश पर एजेंसी पर गैस वितरण की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित रखने का दावा किया गया।
तीन दिन से सर्वर ठपतेल कंपनियों का डिजिटल बुकिंग सर्वर तीन दिन से काम नहीं कर रहा है। इस कारण सिलिंडर की बुकिंग नहीं हो पा रही हे। इसके पीछे वजह अचानक सर्वर पर बहुत ज्यादा दबाव बताया जा रहा है। बुकिंग न होने से ग्राहक परेशान हैं। एजेंसी पर पहुंचने पर बताया जा रहा है कि मैनुअल बुकिंग की व्यवस्था नहीं है।
आनलाइन बुकिंग ही करनी होगी। अब 85 प्रतिशत डीएसीतेल कंपनियों ने डिलीवरी आथेंटिकेशन कोड (डीएसी) को 80 से बढ़ाकर 85 प्रतिशत कर दिया है। यानी 85 प्रतिशत ग्राहकों को सिलिंडर प्राप्त करते ओटीपी बताना होगा। बिना डीएसी सिलिंडर देने पर एजेंसी संचालक के स्टाक में सिलिंडर दिखेगा। ऐसा होने पर सिलिंडर कम मिलेगा।
