विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब घर बैठे होगी रसोई गैस e-KYC: हॉकर खुद पहुंचेंगे आपके दरवाजे, वर्ना बंद हो सकती है सब्सिडी

Published: Tue, 18 Aug 2026 10:59 AM (IST)

गोरखपुर में रसोई गैस ग्राहकों के लिए ई-केवाईसी अब घर बैठे हो सकेगी, तेल कंपनियों के निर्देश पर हॉकर उन ...और पढ़ें

तेल कंपनियों के निर्देश पर एजेंसी संचालकों ने हाकरों को दी सूची। जागरण

तेल कंपनियों के निर्देश पर एजेंसी संचालकों ने हाकरों को दी सूची। जागरण

HighLights

  1. ई-केवाईसी न कराने वाले ग्राहकों के घर पहुंच रहे हॉकर।

  2. सब्सिडी रोकने और वाणिज्यिक दर पर सिलेंडर मिलने का खतरा।

  3. वास्तविक उपभोक्ताओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए यह पहल।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। ई केवाईसी न कराने वाले रसोई गैस ग्राहकों के घर हाकर पहुंच रहे हैं। तेल कंपनियों के निर्देश पर रसोई गैस एजेंसी संचालकों ने ई केवाईसी न करा पाने वाले ग्राहकों की सूची बनाई है। इस सूची को संबंधित क्षेत्र के हाकरों को देकर ग्राहक के घर भेजा जा रहा है। घर पर ही ई केवाईसी हो जाने से ग्राहक भी खुश हैं। गोरखपुर जिले में इंडियन आयल के रसोई गैस ग्राहकों की संख्या तकरीबन पांच लाख है।

भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के गैस ग्राहकों की संख्या तकरीबन सात लाख है। यानी जिले में गैस ग्राहकों की संख्या तकरीबन 12 लाख है। इनमें सभी ग्राहकों को ई केवाईसी करानी है। ई केवाईसी न होने पर ग्राहक की सब्सिडी तो रुकेगी ही बाद में सिलिंडर भी वाणिज्यिक दर पर लेना पड़ सकता है। सुशील गैस सर्विस छात्रसंघ चौराहा के प्रबंधक उमेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि ज्यादातर ग्राहकों ने ई केवाईसी करा ली है। जो नहीं करा पाए हैं, उनकी सूची बनाकर संबंधित हाकर को दी गई है।

हाकर घर-घर पहुंचकर ई केवाईसी कर रहे हैं।इंडियन आयल के उप महाप्रबंधक रवि कुमार चंदेरिया ने कहा कि कंपनी ने 16 अगस्त तक सभी ग्राहकों की ई केवाईसी कराने का निर्देश दिया है। सभी अधिकारी और एजेंसियों के संचालक व कर्मचारी इसमें जुट गए हैं। हर ग्राहक की केवाईसी हो, इसके लिए सूची बनाई गई है।

ग्राहकों के घर पहुंचकर ई केवाईसी कराई जा रही है। तेल कंपनियां ग्राहकों का आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन कर रही हैं। इसका उद्देश्य वास्तविक उपभोक्ताओं की पहचान सुनिश्चित करना, फर्जी कनेक्शन हटाना और सब्सिडी का सही लाभ पहुंचाना है।

यह भी पढ़ें- जयपुर और दिल्ली की तर्ज पर चमकेगा गोरखपुर, विरासत गलियारे में दिखेंगी एक रंग-रूप की दुकानें

... तो महंगा मिलेगा सिलिंडर
चर्चा है कि ई केवाईसी न कराने वाले ग्राहकों को वाणिज्यिक मूल्य पर सिलिंडर लेना पड़ सकता है। अभी 14.2 किलोग्राम वजन वाले घरेलू गैस सिलिंडर का रेट 1004 रुपये है। ई केवाईसी न कराने वाले ग्राहकों को इस सिलिंडर के 2183 रुपये देने पड़ सकते हैं। यह गैस प्रति किलोग्राम तकरीबन 154 रुपये का पड़ेगा। 19 किलोग्राम वजन वाले वाणिज्यिक सिलिंडर का वर्तमान मूल्य 2922 रुपये है।