Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Gorakhpur Link Expressway टोल वसूली पर विवाद, बाइक वाले करते रहे तकरार; रुपये देकर ही आगे बढ़ पाए

    Updated: Sat, 02 Aug 2025 03:20 PM (IST)

    गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर टोल टैक्स की वसूली शुरू होने पर बाइक सवारों और टोल कर्मियों के बीच बहस हुई। बाइक सवारों को टोल टैक्स देना पड़ा तो कुछ खजनी के रास्ते से चले गए। ऑटो चालकों ने टोल के नाम पर किराया बढ़ाया। फास्टैग न होने पर दोगुना टैक्स नहीं देना पड़ा। लोकार्पण से पहले लगी शेर की प्रतिमा की लाइट चोरी हो गई।

    Hero Image
    लिंक एक्सप्रेसवे पर पर्ची कटाने के लिए खड़े बाइक सवार। जागरण

    जागरण संवाददाता, पिपरौली। लिंक एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को टोल टैक्स वसूली के लिए बाइक सवारों से पूरे दिन तकरार होती रही। बाइक सवार उनसे टोल टैक्स मांगने पर हैरानी जता रहे थे। वह समझ रहे थे कि टोलकर्मी मनमानी वसूली के लिए ऐसा कर रहे थे लेकिन जब नियमों को दिखाया गया तो वह टोल टैक्स में रियायत मांगने लगे। हालांकि सभी को निर्धारित टोल टैक्स देना ही पड़ा। यही हाल आटो और ट्रैक्टर सवारों का भी रहा। कुछ आटो चालकों ने तो टोल टैक्स की आड़ में किराया भी बढ़ा दिया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गुरुवार रात 12 बजे से लिंक एक्सप्रेसवे पर टोल टैक्स वसूलने की शुरुआत हो गई। सुबह बाइक सवार पहुंचे तो उन्हें रोककर पर्ची लेने को कहा। पर्ची लेते समय बाइक सवारों को बताना है कि वह कहां तक जाएंगे। उनकी बताई गई दूरी के आधार पर पर्ची बनाकर टोल टैक्स जमा कराया जा रहा है।

    रुपये देने में आनाकानी के बाद कई ने यूपीआइ तो कुछ ने नकद दिया। कई बाइक सवार टोल टैक्स से बचने के लिए वापस चले गए और खजनी के रास्ते होते हुए गंतव्य को रवाना हुए। आटो और ट्रैक्टर चालकों की भी भगवानपुर टोल प्लाजा पर ही पर्ची काटी जा रही है।

    उनके बताए स्थान के आधार पर रुपये लिए जा रहे हैं। यदि वह बताए गए स्थान के अलावा दूसरे टोल बैरियर पर उतरेंगे तो पर्ची पर जमा रुपये के अलावा ज्यादा दूरी चलने के रुपये वहां जमा करने होंगे। दूधिए रोजाना आने-जाने की बात कहकर निश्शुल्क यात्रा करने देने की मांग कर रहे थे। टोलकर्मियों ने उन्हें मासिक पास बनवाने की सलाह दी।

    टोल प्लाजा पर चार पहिया समेत सभी बड़े वाहनों का नंबर स्कैन कर आगे जाने दिया जा रहा है। यह वाहन जिस जगह लिंक एक्सप्रेसवे से उतरेंगे, वहां दूरी के आधार पर रुपये जमा कराए जाएंगे। राहत की बात यह है कि फास्टैग न होने पर राष्ट्रीय राजमार्गों की तरह वाहन चालकों को दोगुणा टैक्स नहीं देना पड़ रहा है।

    टोल टैक्स वसूली देखने पहुंचे कई लोग

    भगवानपुर टोल प्लाजा पर टोल टैक्स वसूलने का तरीका देखने कई लोग पहुंचे। कुछ लोग बाइक सवारों की टोलकर्मियों के साथ हो रही तकरार में भी पहुंचे। वह बाइक सवारों का साथ दे रहे थे। उनका कहना था कि बाइक सवारों से तो टैक्स नहीं लेना चाहिए। कर्मचारियों ने नियमों का हवाला देकर टोल टैक्स जमा कराया।

    लिंक एक्सप्रेसवे पर शेर की प्रतिमा के पास लगी लाइट चोरी

    लिंक एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट के प्रवेश द्वार पर दोनों किनारों पर लगाई गई शेर की प्रतिमा की लाइट चोरी हो गई है। रात में यहां सन्नाटा रहता है। जून महीने में लिंक एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के पहले शेर की प्रतिमा और लाइट लगाई गई थी।