गोरखपुर में भूमि विवाद को लेकर भिड़े पट्टीदार, चले लाठी-डंडे, फेंका गया मिर्च घोलकर पानी
गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र के बनगाई गांव में भूमि विवाद को लेकर दो परिवारों में हिंसक झड़प हो गई। ...और पढ़ें

गुलरिहा थाना के बनगाई गांव का मामला, दोनो तरफ से 10 लोगों पर केस दर्ज। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
गोरखपुर के बनगाई गांव में भूमि विवाद पर हिंसक झड़प।
एक पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला किया, दूसरे ने मिर्च फेंकी।
पुलिस ने 10 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। भूमि विवाद में दो पट्टीदार आपस में भिड़ गए। विवाद के दौरान एक पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला किया, जबकि दूसरे पक्ष की महिलाओं ने पानी में मिर्च घोलकर फेंका। यह मामला गुलरिहा थाना के बनगाई गांव का है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर कुल दस लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बनगाई टोला बंजरहा निवासी सरिता ने दी तहरीर में बताया कि रविवार दोपहर दो बजे वह अपनी भूमि पर चहारदीवारी करा रही थीं। इसी दौरान पट्टीदार राजू, अविनाश, अमन सहित दो अन्य लोग उनके दरवाजे पर चढ़ आए और अपशब्द कहने लगे।
विरोध करने पर घर से खींचकर मारपीट की गई। हमलावरों ने उनके एक वर्षीय बच्चे को छीनकर पटकने का भी प्रयास किया। किसी तरह बच्चों को लेकर वह घर के अंदर गईं और दरवाजा बंद कर जान बचाई।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर के अस्पताल में प्रसूता की मौत, स्वजन के हंगामा करने पर ऑपरेशन थियेटर सील
वहीं दूसरे पक्ष की ललिता ने तहरीर में बताया कि पट्टीदार गुलाब, गौतम, किशन, सरिता और कविता न्यायालय में विचाराधीन भूमि पर जबरन कब्जा कर रहे थे। विरोध करने पर सरिता व कविता ने पानी में मिर्च घोलकर उनके पति और बेटे पर फेंक दिया। थानाध्यक्ष इत्यानंद पांडेय ने बताया कि आठ नामजद व दो अज्ञात पर गाली-गलौज, बलवा, मारपीट और धमकी की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
