विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर के अस्पताल में प्रसूता की मौत, स्वजन के हंगामा करने पर ऑपरेशन थियेटर सील

Published: Wed, 11 Feb 2026 07:10 AM (IST)

गोरखपुर के कौड़ीराम स्थित रिया अस्पताल में ऑपरेशन से प्रसव के चार दिन बाद एक महिला की मौत हो गई। ...और पढ़ें

घटना के बाद हंगामा करते स्वजन। जागरण

घटना के बाद हंगामा करते स्वजन। जागरण

HighLights

  1. प्रसव के बाद महिला की अस्पताल में मौत।

  2. परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया।

  3. सीएमओ टीम ने ऑपरेशन थिएटर सील किया।

संवाद सूत्र, गजपुर बाजार, (गोरखपुर)। चार दिन पहले ऑपरेशन से हुए प्रसव के बाद महिला की मौत हो गई। इसके बाद स्वजन हंगामा करते हुए चिकित्सक और अस्पताल संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया। बोले महिला को अत्यधिक रक्तस्राव होने के बाद शहर के अस्पताल में रेफर कर दिया गया। जहां उसकी मौत हो गई।

यह मामला कौड़ीराम स्थित रिया हास्पिटल का है। हंगामे की सूचना पर पहुंची गगहा थाना पुलिस ने स्वजन को शांत कराया। सीएमओ कार्यालय से पहुंची टीम ने जांच कर आपरेशन थियेटर को सील कर दिया।

बांसगांव थाना के मड़ई गांव निवासी कमलेश की 32 वर्षीय पत्नी सोनी को छह फरवरी को कौड़ीराम के रिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां पर आपरेशन से बच्चा हुआ। कमलेश का आरोप है कि आपरेशन के बाद महिला को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। स्थिति बिगड़ने पर अस्पताल प्रबंधन ने उसे शहर के एक अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

स्वजन का आरोप है कि अस्पताल में इलाज के दौरान गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसके चलते महिला की जान चली गई। वहीं अस्पताल संचालक रिया का कहना है कि रोगी को स्वजन पहले से ही गंभीर अवस्था में लेकर आए थे। उन्हें हालात की जानकारी देने के बाद ही सर्जन द्वारा सर्जरी कराई गई थी।

यह भी पढ़ें- कुख्यात गैंग्स्टर के रूप में हुई शव की हुई शिनाख्त, गोरखपुर-बस्ती मंडल के थानों में दर्ज हैं 24 मुकदमे

उधर, हंगामे की सूचना के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के वरिष्ठ सहायक प्रमोद मिश्रा, एआरओ एसएन शुक्ल तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कौड़ीराम के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. संतोष वर्मा ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच की। टीम ने ऑपरेशन थियेटर को सील कर दिया।

अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी निरीक्षक गगहा अंजुल चतुर्वेदी का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचंकर लोगों को शांत कराया। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।