विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'नियम से डेढ़ लाख लगेंगे, मुझे 20 हजार दो', गोरखपुर में जेई पर पोल हटाने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप

Published: Wed, 28 Oct 2026 08:20 PM (IST)

गोरखपुर में एक जेई पर पोल शिफ्टिंग के नाम पर रिश्वत मांगने और फिर युवक को परेशान करने का आरोप ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. जेई पर पोल शिफ्टिंग के लिए 20 हजार रिश्वत का आरोप।

  2. रिश्वत न देने पर बिजली चोरी की एफआईआर दर्ज।

  3. अधिशासी अभियंता ने जेई की गलती मानी, कार्रवाई नहीं।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। नगरीय विद्युत वितरण खंड प्रथम टाउनहाल के बेतियाहाता में पोल शिफ्टिंग में फंसे जेई ने खुद को बचाने के लिए एक युवक के खिलाफ कैंट थाने में तहरीर दे दी है। बुधवार को पुलिस जांच के लिए युवक के पास पहुंची तो जानकारी हुई। इसके बाद युवक ने साक्ष्यों के साथ कैंट थाना में जेई के खिलाफ तहरीर दे दी है।

युवक का आरोप है कि जेई ने 20 हजार रुपये लेकर पोल हटाया और मना करने के बाद भी उसकी छत पर लोहे का एंगल लगवाकर लाइन जोड़ दी। बाद में जेई ने 10 हजार रुपये मांगना शुरू किया। न देने पर पहले बिजली चोरी की एफआइआर दर्ज कराई और फिर मामले को खत्म करने के लिए 70 हजार रुपये मांगे। रुपये न देने पर बिजली का कनेक्शन नहीं दिया। बगल के दो मकानों पर चोरी की एफआइआर दर्ज होने के बाद भी रुपये लेकर कनेक्शन दे दिया।

बेतियाहाता निवासी अवनीश गुप्ता ने बताया कि घर के सामने बिजली के पोल को हटाने के लिए मैंने टाउनहाल के अधिशासी अभियंता को प्रार्थना पत्र दिया। अधिशासी अभियंता ने एसडीओ के पास भेज दिया। एसडीओ ने जेई के पास भेजा। जेई अमित सहगल ने कहा कि, यदि नियम से पोल हटवाओगे एक से डेढ़ लाख रुपये लग जाएंगे। मुझे 20-30 हजार रुपये दे दो, काम करा दूंगा। मैंने जेई को 20 हजार रुपये दे दिए।

इसके बाद जेई एक दिन तीन-चार कर्मचारियों के साथ आए और लाइन कटवाकर तार मेरे घर के छत पर लोहे का एंगल लगवाकर जोड़ दिया। मैंने ऐसा करने से मना किया तो उन्होंने कहा कि जल्द ही नया पोल लगाकर तार शिफ्ट करा दूंगा। इसके बाद जेई 10 हजार रुपये और मांगने लगे। मैंने कहा कि आपने 20-30 हजार मांगा था तो मैंने 20 दे दिया था। इससे नाराज जेई ने कुछ दिन बाद मोहल्ले के पांच निर्माणाधीन भवनों के स्वामियों की जांच की। इसमें एक से रुपये ले लिए और बाकी चार के खिलाफ एफआइआर दर्ज करा दी।

बाद में रुपये लेकर दो लोगों को कनेक्शन दे दिया। यहां तक कि एक कनेक्शन उन्होंने रानीबाग उपकेंद्र से दे दिया। उनके पास दोनों उपकेंद्रों का चार्ज है इसलिए वह वसूली के लिए जबरदस्त मनमानी करते रहते हैं। इस संबंध में पक्ष देने के लिए अधिशासी अभियंता पंकज कुमार को सीयूजी मोबाइल नंबर- 9450963769 और जेई अमित सहगल को सीयूजी मोबाइल नंबर- 9453047429 पर वाट्सएप किया गया लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

अधिशासी अभियंता वीडियो में बोले, जेई ने गलत किया
अवनीश गुप्ता ने कहा कि अधिशासी अभियंता पंकज कुमार से शिकायत की तो उन्होंने माना कि जेई ने गलत किया है। इसका वीडियो भी मेरे पास है। इसके बाद भी वह न तो जेई के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं और न ही कनेक्शन दिला रहे हैं। मामला सबकी जानकारी में आया तो अधिशासी अभियंता पंकज कुमार मंगलवार रात में अभियंताओं के साथ मोहल्ले में आए और मौके पर पोल शिफ्टिंग देखी। जेई ने पोल बगल के एक मकान में रखवाया है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर के धुरियापार में 500 करोड़ की लागत से लगेगी दवा फैक्ट्री, 1000 लोगों को मिलेगा रोजगार