विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सलाखों के पीछे हुनर की रोशनी, गोरखपुुर में 21 महिला बंदियों को मिलेगा ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण,रिहाई के बाद बनेंगी आत्मनिर्भर

Published: Sat, 17 Oct 2026 05:57 PM (IST)

गोरखपुर जिला कारागार में 21 महिला बंदियों को ब्यूटी पार्लर का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह पहल उन्हें ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. गोरखपुर जेल में 21 महिला बंदियों को प्रशिक्षण।

  2. ब्यूटी पार्लर का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा।

  3. रिहाई के बाद आत्मनिर्भर बनने में मिलेगी मदद।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। जेल की सलाखों के पीछे अब हुनर संवारने की तैयारी है। जिला कारागार में निरुद्ध 21 महिला बंदी ब्यूटी पार्लर चलाने का प्रशिक्षण लेकर अपने भविष्य की नई राह तैयार करेंगी। मिशन शक्ति अभियान के तहत शनिवार से शुरू हुए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेषज्ञ उन्हें सौंदर्य प्रसाधनों के इस्तेमाल से लेकर ब्यूटी पार्लर से जुड़ी व्यावहारिक बारीकियां सिखाएंगे। मकसद सिर्फ हुनर सिखाना नहीं, बल्कि रिहाई के बाद उन्हें रोजगार का ऐसा विकल्प देना है, जिससे वे अपने पैरों पर खड़ी हो सकें।

जिला कारागार में इस समय 90 महिला बंदी निरुद्ध हैं। इनमें से 21 ने प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण कराया है। रोटरी क्लब गोरखपुर यूफोरिया की ओर से आयोजित यह प्रशिक्षण पूरी तरह निश्शुल्क है। इसके लिए जरूरी सामग्री भी संस्था उपलब्ध करा रही है। 15 दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में महिलाओं को ब्यूटी पार्लर, श्रृंगार और सौंदर्य प्रसाधनों से संबंधित जानकारी देने के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

प्रशिक्षण पूरा करने के बाद महिलाएं ब्यूटी पार्लर में काम करने या अपनी परिस्थितियों के अनुसार स्वरोजगार शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ा सकती हैं। इससे रिहाई के बाद रोजगार तलाशने में मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा। जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पांडेय ने बताया कि महिला बंदियों को रोजगार से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण शुरू कराया गया है। हुनर सीखने से उन्हें रिहाई के बाद अपने जीवन को नए सिरे से व्यवस्थित करने में मदद मिल सकती है।

रोटरी क्लब ने उठाई प्रशिक्षण की जिम्मेदारी
रोटरी क्लब गोरखपुर यूफोरिया की अध्यक्ष रुचि केडिया के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल में अंजली विनय गुप्ता, वायोनास की संस्थापक और क्लब की उपाध्यक्ष, की प्रमुख भूमिका है। संस्था की ओर से प्रशिक्षण सामग्री की व्यवस्था की गई है, ताकि महिलाओं को सीखने के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध हो सकें। कार्यक्रम में संस्था की सचिव अंकिता अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अंजनी गुप्ता, मिताली जालान और नेहा पोद्दार मौजूद रहीं।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर सीएमओ डॉ. राजेश झा का तबादला, स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फेरबदल