गोरखपुर में जल्द बनकर तैयार होगा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, सामने आया बड़ा अपडेट
तकनीकी समिति ने गोरखपुर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का निरीक्षण किया।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षक करते खेल निदेशक आरपी सिंह
HighLights
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम निर्माण कार्य का तकनीकी समिति ने किया निरीक्षण।
साई मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश।
रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण अक्टूबर 2026 तक पूरा होगा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति परखने के लिए तकनीकी समिति ने स्थलीय निरीक्षण किया। खेल निदेशक एवं तकनीकी समिति के अध्यक्ष डॉ. आरपी सिंह की मौजूदगी में हुए निरीक्षण में अधिकारियों ने निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया।
समिति ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) द्वारा निर्धारित मानकों एवं विशिष्टियों के अनुरूप निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
शासन की ओर से गठित समिति के सदस्यों ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि स्टेडियम का निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं विशिष्टियों के अनुसार कराया जा रहा है। समिति ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए।
खिलाड़ियों को जल्द मिलेगा खेल सुविधाओं का लाभ
खेल निदेशक ने रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम को आधुनिक स्टेडियम के रूप में विकसित किए जाने से संबंधित निर्माण कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने राजकीय निर्माण निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण कार्य अक्टूबर 2026 तक निर्धारित मानकों एवं विशिष्टियों के अनुसार पूरा कराया जाए। इससे जिले के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाओं में प्रशिक्षण का लाभ जल्द मिल सकेगा।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), एसडीएम खजनी, खेल विभाग के अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अभियंता, परियोजना प्रबंधक, सलाहकार इंजीनियर और क्वालिटी इंजीनियर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- नाग पंचमी पर गोरखपुर में पसरा मातम, पुतली पीटने के दौरान पोखरे में डूबने से हुई 3 मासूमों की मौत
